Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

कांग्रेस के घोषणा पत्र पर BJP ने उठाए सवाल, बताया झूठ का पुलिंदा

हमें फॉलो करें Sudhanshu Trivedi

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

नई दिल्ली , शुक्रवार, 5 अप्रैल 2024 (16:57 IST)
BJP's statement regarding Congress manifesto : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के लिए जारी किए गए कांग्रेस के घोषणा पत्र को 'झूठ का पुलिंदा' करार दिया और आरोप लगाया कि देश में दशकों तक शासन करने वाली इस पार्टी ने विधानसभा और लोकसभा चुनाव के लिए अपने घोषणा पत्र में किए गए किसी भी वादे को पूरा नहीं किया।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि मतदाताओं के बीच भ्रम पैदा करने के लिए कांग्रेस इस तरह का चुनावी घोषणा पत्र लेकर आई है। उन्होंने कहा, कांग्रेस का घोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा है। इसे मतदाताओं के बीच भ्रम पैदा करने के लिए तैयार किया गया है।
 
मतलब 55 साल इन्होंने अन्याय किया : त्रिवेदी ने कहा कि दशकों तक देश में शासन करने वाली कांग्रेस आज ‘न्याय’ की बात कर रही है लेकिन उसकी सरकारों ने सत्ता में रहते हुए न्याय नहीं किया। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र का नाम रखा है ‘न्याय पत्र’। मतलब इन्होंने मान लिया है कि 55 साल इन्होंने अन्याय किया है। कोई नई नवेली पार्टी आम आदमी पार्टी (AAP) जैसी होती और वह कहती तो समझा जा सकता था।
कांग्रेस ने अपने किसी भी वादे को पूरा नहीं किया : उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने भारत की युवा शक्ति, उसकी आर्थिक, औद्योगिक एवं सैन्य क्षमता के साथ ही सुरक्षा के साथ न्याय नहीं किया, वह देश के साथ न्याय का वादा कर रही है। त्रिवेदी ने आरोप लगाया, कांग्रेस ने विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए अपने पहले के घोषणा पत्रों में किए गए अपने किसी भी वादे को पूरा नहीं किया।
 
भाजपा ने साधा कांग्रेस पर निशाना : भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस के घोषणा पत्र में इस्तेमाल की गई कुछ तस्वीरों को विदेश की बताया और इसे लेकर भी विपक्षी पार्टी पर निशाना साधा। इससे पहले कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को अपना घोषणा पत्र जारी किया जिसमें उसने जाति जनगणना कराने, आरक्षण की सीमा बढ़ाकर 50 प्रतिशत से अधिक करने, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी देने और नई शिक्षा नीति में संशोधन करने समेत कई वादे किए हैं।
पार्टी ने अपने घोषणा पत्र को 'न्याय पत्र' नाम दिया है। यह पांच ‘न्याय’ और 25 ‘गारंटी’ पर आधारित है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि इस घोषणा पत्र में भविष्य के शानदार भारत की तस्वीर नजर आती है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि यह चुनाव, संविधान और लोकतंत्र को नष्ट करने का प्रयास करने वालों और इन्हें बचाने की कोशिश करने वालों के बीच होने जा रहा है।(भाषा)
Edited By : Chetan Gour 


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

वायरल हुआ शिवपाल यादव का वीडियो, क्यों मचा बवाल?