Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

कर्नाटक की सभा में PM मोदी बोले- खरगे सिर्फ नाम के कांग्रेस अध्यक्ष, खरगे ने कहा- परम मित्र ने सबकुछ लूटा

हमें फॉलो करें कर्नाटक की सभा में PM मोदी बोले- खरगे सिर्फ नाम के कांग्रेस अध्यक्ष, खरगे ने कहा- परम मित्र ने सबकुछ लूटा
, सोमवार, 27 फ़रवरी 2023 (22:04 IST)
बेलगावी (कर्नाटक)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कांग्रेस की ओर से कर्नाटक का अनादर किए जाने का दावा किया और आरोप लगाया कि राज्य से ताल्लुक रखने वाले प्रमुख विपक्षी पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का पार्टी ने छत्तीसगढ़ में अपने महाधिवेशन के दौरान अपमान किया। एक परिवार के हित में पार्टी ने कांग्रेस प्रमुख की वरिष्ठता और अधिक उम्र को नजरअंदाज करते हुए खरगे का अपमान किया।
 
उनका इशारा जाहिर तौर पर नेहरू-गांधी परिवार की ओर था। उन्होंने कहा कि मैं आपको याद दिलाना चाहता हूं कि कांग्रेस कर्नाटक से कैसे नफरत करती है। कर्नाटक के नेताओं का अपमान करना कांग्रेस की पुरानी संस्कृति का हिस्सा है। कांग्रेस का परिवार पार्टी में जिस किसी से परेशानी महसूस करता है, उसका अपमान शुरू हो जाता है।
 
इतिहास गवाह है कि परिवार के सामने एस. निजलिंगप्पा और वीरेन्द्र पाटिल जैसे नेताओं को कितना अपमानित किया गया। कर्नाटक में हर कोई यह जानता है। उन्होंने यहां एक विशाल सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अब एक बार फिर कर्नाटक के एक और नेता का परिवार के वफादारों ने अपमान किया है।
 
उन्होंने कहा कि मैं मल्लिकार्जुन खरगेजी का बहुत सम्मान करता हूं...। वे इस भूमि के पुत्र हैं जिनके पास लगभग 50 वर्षों का संसदीय और विधायी अनुभव है। लोगों की सेवा में वे जो कुछ भी कर सकते थे, उन्होंने करने की कोशिश की है। लेकिन मैं यह देखकर दु:खी था कि खरगे, जो पार्टी के अध्यक्ष हैं और उम्र में वरिष्ठ हैं, के साथ छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के सत्र के दौरान कैसा व्यवहार किया गया?
 
उन्होंने कहा कि मौसम गर्म था और वहां खड़े सभी लोगों को लग रहा था कि गर्मी स्वाभाविक है लेकिन उस गर्मी में कांग्रेस प्रमुख और उम्र में वरिष्ठ खरगे के लिए छाते की छाया का सौभाग्य नहीं था। छाते की छाया उनके बगल में खड़े किसी व्यक्ति के लिए थी। यह दिखाता है कि खरगे सिर्फ नाम के लिए कांग्रेस अध्यक्ष हैं और जिस तरह से उनके साथ व्यवहार किया गया है, उसे देखकर हर कोई देख और समझ सकता है कि रिमोट कंट्रोल किसके हाथों में है?
 
प्रधानमंत्री देशभर के लाभार्थियों के लिए पीएम-किसान योजना के तहत 16,000 करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि की 13वीं किस्त जारी करने और 2,700 करोड़ रुपए से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखने और राष्ट्र को समर्पित करने के बाद बोल रहे थे।
 
देश में कई राजनीतिक दलों के वंशवादी राजनीति के चंगुल में होने का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि हमें देश को इन चंगुल से मुक्त कराना है। कर्नाटक के लोगों को कांग्रेस जैसी पार्टियों के बारे में सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के लोग इतने निराश हैं कि उन्हें लगता है कि जब तक मोदी जिंदा हैं, वे कुछ नहीं कर सकते।
 
उन्होंने कहा कि इसलिए वे सभी कह रहे हैं और नारे लगा रहे हैं कि 'मर जा मोदी, मर जा मोदी'। कुछ लोग कब्र खोदने में भी व्यस्त हैं। वे कह रहे हैं कि 'मोदी तेरी कब्र खुदेगी, लेकिन देश कह रहा है कि मोदी तेरा कमल खिलेगा।' कर्नाटक में मई में विधानसभा चुनाव होने हैं।
 
webdunia
खरगे ने किया पलटवार : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने धूप में छतरी नहीं मिलने को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए कटाक्ष को लेकर सोमवार को पलटवार करते कहा कि किसकी छतरी की छाया के नीचे उनके परम मित्र ने देश के आकाश से लेकर पाताल तक सबकुछ लूटा। उन्होंने यह सवाल भी किया कि अडाणी समूह से जुड़े मामले की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच कब कराई जाएगी?
 
कांग्रेस अध्यक्ष ने ट्वीट किया कि किसकी छतरी की छाया के नीचे आपके परम मित्र ने देश के आकाश से लेकर पाताल तक सबकुछ लूटा? हम तो तिरंगे की छांव में खड़े कांग्रेसी हैं जिसने कंपनी राज को हराकर देश को स्वतंत्र बनाया और देश को कंपनी राज कभी बनने नहीं देंगे। खरगे ने सवाल किया कि ये बताइए, अडाणी पर जेपीसी कब?
 
प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को कर्नाटक के बेलगावी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष खरगे पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मल्लिकार्जुन खरगे का अपमान किया है। खरगे कर्नाटक से ही ताल्लुक रखते हैं।
 
मोदी ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे का मैं बहुत सम्मान करता हूं। अभी कांग्रेस का अधिवेशन चल रहा था। वे सबसे सीनियर हैं। धूप थी, लेकिन धूप में छतरी का सौभाग्य खरगेजी को नसीब नहीं हुआ। छाता किसी और के लिए लगा था। ये देखकर जनता समझ रही है कि रिमोट कंट्रोल किसके हाथ में है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Exit Poll 2023 : मेघालय, नगालैंड व त्रिपुरा के एक्जिट पोल : किस राज्य में बन सकती है किसकी सरकार