Publish Date: Mon, 25 May 2026 (11:31 IST)
Updated Date: Mon, 25 May 2026 (11:34 IST)
ग्लोबल आइकॉन और बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत अभिनेत्रियों में शुमार ऐश्वर्या राय बच्चन आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। भले ही आज वह चुनिंदा फिल्मों में ही नजर आती हैं, लेकिन उनकी लोकप्रियता और स्टारडम में आज भी कोई कमी नहीं आई है।
हाल ही में कान फिल्म फेस्टिवल के रेड कार्पेट पर अपनी खूबसूरती का जादू बिखेरने वाली ऐश्वर्या आज एक फिल्म या विज्ञापन के लिए करोड़ों रुपये चार्ज करती हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया को अपनी खूबसूरती का दीवाना बनाने वाली इस 'मिस वर्ल्ड' की पहली कमाई कितनी थी?
बीते दिनों सोशल मीडिया पर ऐश्वर्या राय के मॉडलिंग के दिनों का एक पुराना बिल तेजी से वायरल हुआ, जिसने फैंस को हैरान कर दिया। आइए जानते हैं सफलता के शिखर पर पहुंचने से पहले ऐश्वर्या राय के शुरुआती संघर्ष की यह दिलचस्प कहानी।
साल 1992 की, जब ऐश्वर्या राय ने मिस वर्ल्ड का खिताब भी नहीं जीता था तब उस दौर में वह ग्लैमर इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने के लिए कड़ा संघर्ष कर रही थीं। सोशल मीडिया पर विमल उपाध्याय नाम के एक यूजर ने एक पुराने फैशन कैटलॉग की तस्वीरें और उसके साथ का एक बिल साझा किया था।
यह बिल इस बात की गवाही देता है कि उस समय ऐश्वर्या को एक मैगजीन शूट और कैटलॉग के लिए महज 1,500 रुपये का भुगतान किया गया था।
इस पोस्ट को शेयर करते हुए यूजर ने लिखा था, आज मैं अपने द्वारा प्रकाशित फैशन कैटलॉग की वर्षगांठ मना रहा हूं। ऐश्वर्या राय, सोनाली बेंद्रे, निकी अनेजा और तेजस्विनी कोल्हापुरे जैसी मशहूर हस्तियां इस कैटलॉग के लिए शूट करने वाली शुरुआती मॉडल्स में शामिल थीं।
आज के दौर में जहां ऐश्वर्या राय की नेट वर्थ करोड़ों में है, वहीं उनके करियर की शुरुआती कमाई का यह आंकड़ा यह दिखाता है कि हर बड़े मुकाम की शुरुआत हमेशा छोटे कदमों से ही होती है।
सुपरमॉडल से मिस वर्ल्ड बनने तक का सफर
ऐश्वर्या राय ने अपने करियर की शुरुआत बतौर मॉडल साल 1991 में की थी। अपनी जादुई नीली आंखों और बेदाग खूबसूरती के दम पर उन्होंने इंटरनेशनल सुपरमॉडल कॉन्टेस्ट जीता था। इसके बाद उन्होंने कई नेशनल और इंटरनेशनल मॉडलिंग चैंपियनशिप में भारत का नाम रोशन किया।
साल 1992 के इस वायरल बिल के ठीक दो साल बाद, यानी 1994 में ऐश्वर्या राय ने 'मिस वर्ल्ड' का ताज जीतकर पूरी दुनिया में भारत का परचम लहरा दिया। इस एक खिताब ने उनकी जिंदगी और करियर को हमेशा के लिए बदल दिया।
मिस वर्ल्ड बनने के बाद सिनेमाई गलियारों में ऐश्वर्या राय की मांग काफी बढ़ गई। उन्होंने साल 1997 में मशहूर डायरेक्टर मणिरत्नम की तमिल फिल्म 'इरुवर' से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद साल 1998 में उन्होंने फिल्म 'और प्यार हो गया' से बॉलीवुड में अपना शानदार डेब्यू किया।
About Writer
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें