Publish Date: Wed, 03 Jun 2026 (12:57 IST)
Updated Date: Wed, 03 Jun 2026 (13:03 IST)
बॉलीवुड के 'लॉर्ड बॉबी' यानी बॉबी देओल इन दिनों अपने करियर के पीक पर है। वेब सीरीज 'आश्रम' की सफलता के बाद से ही बॉबी के पास बैक-टू-बैक फिल्मों की लाइन लगी हुई है। वह जल्द ही अनुराग कश्यप की फिल्म 'बंदर' में नजर आने वाले हैं।
हाल ही में बॉबी देओल रजत शर्मा के शो 'आप की अदालत' में पहुंचे। शो में बॉबी देओल ने अपने पुराने दिनों को याद किया। इस दौरान उन्होंने 90 के दशक में अपनी फीमेल को-स्टार्स के साथ अनबन और सेट पर उन्हें परेशान करने की अफवाहों पर से सालों पुराना पर्दा उठा दिया है।
ट्विंकल खन्ना से लड़ाई की अफवाह
बॉबी देओल ने साल 1995 में फिल्म 'बरसात' से ट्विंकल खन्ना के साथ अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। उस दौर में दोनों के बीच अनबन की कई खबरें आती थीं। इस पर बॉबी ने कहा, हम दोनों उस समय बहुत छोटे और नासमझ थे। दरअसल, मुझे बचपन से ही पेट की समस्या रही है। मैं अक्सर सेट पर अपनी इस समस्या के बारे में बात करता रहता था कि आज मेरा पेट कैसा है या मैं वॉशरुम गया या नहीं। ट्विंकल मेरी इन बातों से बहुत ज्यादा चिढ़ जाती थीं।
बॉबी ने आगे बताया कि ट्विंकल खन्ना ने अपने करियर के पहले ही इंटरव्यू में बॉबी की इस आदत का खुलासा मीडिया के सामने कर दिया था, जिसके बाद मीडिया ने इसे दोनों के बीच की बड़ी लड़ाई का रूप दे दिया।
मनीषा कोइराला और प्याज का 'मजेदार' बदला
साल 1997 की कल्ट थ्रिलर फिल्म 'गुप्त: द हिडन ट्रुथ' में बॉबी देओल, काजोल और मनीषा कोइराला मुख्य भूमिकाओं में थे। इस फिल्म के एक गाने के दौरान बॉबी ने मनीषा कोइराला के साथ एक क्लोज सीन करने से मना कर दिया था।
इस घटना को याद करते हुए बॉबी ने शो में बताया, ठंड का मौसम था और सेट के पास कोई 'चना जोर गरम' बेच रहा था। मनीषा बड़े चाव से उसमें खूब सारा कच्चा प्याज डलवाकर खा रही थीं। जब शॉट का समय आया, तो उनके मुंह से प्याज की इतनी तेज बदबू आ रही थी कि मैं चाहकर भी रोमांटिक एक्सप्रेशन नहीं दे पा रहा था।
बॉबी ने इस बात का बदला लेने के लिए एक मजेदार प्रैंक भी प्लान किया। कॉलेज के एक सीन में मनीषा के भाई का किरदार निभा रहे एक नए एक्टर को बॉबी ने खूब सारी प्याज खिला दी और कहा कि इससे एक्टिंग बेहतर होती है। बॉबी का प्लान मनीषा को परेशान करने का था, लेकिन मनीषा को इससे कोई फर्क नहीं पड़ा और बॉबी का यह प्रैंक फेल हो गया।
90 के दशक के इन हल्के-फुल्के प्रैंक्स से निकलकर बॉबी देओल अब पूरी तरह से बदल चुके हैं। फिल्म 'एनिमल' में अबरार के मूक और खूंखार विलेन के किरदार के बाद अब वे बॉलीवुड के सबसे भरोसेमंद एक्टर्स में शुमार हैं। वह जल्द ही अनुराग कश्यप के निर्देशन और सुदीप शर्मा की लिखी फिल्म 'बंदर' में नजर आने वाले हैं।
About Writer
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें