बॉलीवुड एक्टर कार्तिक आर्यन ने अपनी दमदार अदाकारी से फिल्म इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई है। हाल ही में रेड सी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के ग्लोबल मंच के माध्यम से कार्तिक आर्यन ने न सिर्फ अपने करियर पर बात की, बल्कि अपनी उस सोच को भी साझा किया, जिसने उनके सिनेमाई सफर को भी दिशा दी।
कार्तिक ने कहा, मैंने कभी खुद पर या अपनी पसंद पर संदेह नहीं किया। हालांकि यह ओवरकॉन्फिडेंस था या कॉन्फिडेंस, मैं नहीं जानता, लेकिन हां इससे मुझे हमेशा फायदा ही हुआ। इसकी वजह यह भी हो सकती है कि मैं अपने करियर की शुरुआत से ही अपनी फिल्मों और किरदारों के प्रति बेहद समर्पित रहा हूं।
उन्होंने कहा, मेरे लिए यह सिर्फ मेरे रोल की बात नहीं होती, बल्कि पूरी फिल्म और उससे जुड़े हर व्यक्ति की होती है। शायद कहानी कहने के इसी प्रेम ने ही मुझे न सिर्फ जमीन से जोड़े रखा है, बल्कि अपने लक्ष्य पर मेरा ध्यान भी केंद्रित रखा है।
कार्तिक का यही दृष्टिकोण उन्हें न सिर्फ बॉलीवुड के सबसे सम्मानित और विश्वसनीय सितारों में शामिल करता है, बल्कि अपने करियर के लिए अटूट आत्मविश्वास के साथ लिए गए निडर फैसलों और बिना संदेह नए अवसरों को अपनाने की क्षमता उन्हें उद्योग में एक अलग पहचान देती है।
हालांकि रेड सी फिल्म फेस्टिवल में उनकी गरिमामयी उपस्थिति, उनके इसी बढ़ते वैश्विक प्रभाव की गवाही रही, जहां दुनिया भर के दर्शकों ने एक ऐसे भारतीय सितारे को देखा जो अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारतीय सिनेमा के सर्वश्रेष्ठ रूप का प्रतिनिधित्व करता है। ऐसे में यह कहें तो कतई गलत नहीं होगा कि यह कार्तिक का आत्मविश्वास, आकर्षण और समर्पण ही है, जो उन्हें भारतीय सिनेमा का एक सच्चा ग्लोबल एंबेसडर बना रहा है।