Publish Date: Tue, 07 Apr 2026 (07:03 IST)
Updated Date: Mon, 06 Apr 2026 (17:32 IST)
बॉलीवुड के सदाबहार अभिनेता जीतेन्द्र 7 अप्रैल को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। 60 से 90 के दशक तक अपनी अदाकारी और डांसिंग स्टाइल से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले जीतेन्द्र का असली नाम रवि कपूर है। फर्ज, कारवां, हिम्मतवाला और तोहफा जैसी सुपरहिट फिल्में देने वाले जीतेन्द्र को दुनिया 'जंपिंग जैक' के नाम से भी जानती है।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि सुपरस्टार बनने से पहले उन्होंने मुंबई की एक चॉल में काफी संघर्ष भरा समय बिताया था? जीतेन्द्र की सबसे बड़ी पहचान उनके सफेद कपड़े और सफेद जूते हैं। फैंस के मन में अक्सर यह सवाल आता है कि आखिर वे किसी और रंग के कपड़े क्यों नहीं पहनते? एक रियलिटी शो के दौरान जीतेन्द्र ने खुद इस राज से पर्दा उठाया था।
जीतेन्द्र ने बताया था, जब मैंने करियर शुरू किया था, तब आज की तरह कोई बड़े फैशन डिजाइनर नहीं होते थे। मुझे किसी ने सलाह दी थी कि सफेद कपड़ों में मैं ज्यादा पतला दिखता हूं। साथ ही, मेरा मानना था कि रंगीन कपड़ों में कद छोटा नजर आता है, जबकि हल्के रंग लंबाई का अहसास कराते हैं।
जीतेन्द्र को यह स्टाइल इतना पसंद आया कि सफेद रंग उनका 'सिग्नेचर स्टाइल' बन गया। जीतेन्द्र ने अपनी जिंदगी के 20 साल मुंबई की एक चॉल में बिताए। उन्होंने भावुक होकर साझा किया था कि गिरगांव की उस चार मंजिला चॉल ने उन्हें जीवन के सबसे बड़े संस्कार दिए।
उस समय एक चॉल में करीब 80 परिवार रहते थे और सभी के बीच सगे संबंधियों जैसा प्यार था। जीतेन्द्र बताते हैं कि उनके घर में जब पहली बार पंखा लगा था, तो पूरी बिल्डिंग के लोग उसे देखने आए थे। वह सादगी और एक-दूसरे की मदद करने का जज्बा उन्हें आज भी जमीन से जोड़े रखता है।
मराठी भाषा ने बनाया बॉलीवुड का 'हीरो'
जीतेन्द्र भले ही एक पंजाबी परिवार से ताल्लुक रखते हैं, लेकिन वे खुद को पूरी तरह मराठी मानते हैं। चॉल के माहौल में पले-बढ़े होने के कारण उनकी मराठी भाषा पर जबरदस्त पकड़ थी। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था, मैं आज जो कुछ भी हूं, उसमें मराठी संस्कृति का बड़ा हाथ है। मुझे मेरा पहला ब्रेक (गीत गाया पत्थरों ने) शायद इसलिए मिला क्योंकि मैं बहुत अच्छी मराठी बोल सकता था, जिससे निर्देशक वी. शांताराम काफी प्रभावित हुए थे।
रवि कपूर से 'जंपिंग जैक' तक का सफर
अमृतसर में जन्मे जितेंद्र का परिवार आर्टिफिशियल ज्वेलरी के बिजनेस में था। ज्वेलरी सप्लाई करने के दौरान ही उनकी मुलाकात फिल्म जगत के दिग्गजों से हुई। फिल्म 'फर्ज' में उनके सफेद जूते और टी-शर्ट पहनकर किए गए डांस स्टेप्स ने तहलका मचा दिया और उन्हें 'जंपिंग जैक' की उपाधि मिली।
आज जीतेन्द्र भले ही फिल्मों से दूर हों, लेकिन एक सफल बिजनेस टाइकून और एकता कपूर व तुषार कपूर के पिता के रूप में वे अक्सर चर्चा में रहते हैं। उनके जन्मदिन पर प्रशंसक उनके स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना कर रहे हैं।