Publish Date: Wed, 04 Mar 2026 (13:56 IST)
Updated Date: Wed, 04 Mar 2026 (13:59 IST)
साल 2026 की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह था। 8 मार्च को बेंगलुरु में इसका भव्य ट्रेलर लॉन्च होने वाला था। देशभर के मीडिया प्रतिनिधियों को खास तौर पर बुलाया गया था और इसे फिल्म के प्रमोशन की सबसे बड़ी शुरुआत माना जा रहा था। लेकिन अब अचानक इस पूरे कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है।
निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज डेट भी आगे बढ़ा दी है। पहले यह फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में आने वाली थी, लेकिन अब इसे 4 जून 2026 को रिलीज किया जाएगा। इस फैसले के पीछे मिडिल ईस्ट में जारी अस्थिर हालात को मुख्य वजह बताया जा रहा है।
इसके साथ ही 19 मार्च को धुरंधर द रिवेंज से होने वाली बहुचर्चित टकराव भी टल गया। इन दोनों बड़ी फिल्मों के एक ही दिन रिलीज होने से फैंस में इन दोनों फिल्मों को बिजनेस को लेकर काफी चर्चा थी। अब धुरंधर के दूसरे भाग के सामने खाली मैदान है।
क्यों टली रिलीज?
फिल्म की टीम के मुताबिक मिडिल ईस्ट क्षेत्र इस फिल्म के लिए बेहद अहम अंतरराष्ट्रीय बाजार है। वहां के डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनर्स से बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया कि मौजूदा हालात में रिलीज करना सही नहीं होगा।
क्षेत्र में बढ़ते संघर्ष और कुछ जगहों पर सिनेमाघरों के संचालन में आ रही बाधाओं को देखते हुए निर्माताओं ने रणनीतिक देरी का रास्ता चुना। उनका मानना है कि थोड़ा इंतजार फिल्म के लिए बेहतर साबित होगा, ताकि इसे दुनिया भर में सुचारू रूप से रिलीज किया जा सके।
प्रमोशन प्लान भी फिलहाल रुका
ट्रेलर लॉन्च सिर्फ एक इवेंट नहीं था, बल्कि फिल्म के अंतिम प्रमोशनल फेज की शुरुआत थी। बड़े स्तर पर प्रचार अभियान की तैयारी की गई थी। लेकिन अब रिलीज दो महीने से ज्यादा आगे खिसकने के बाद पूरी प्रमोशनल रणनीति को फिर से तैयार किया जाएगा।
फिल्म की टीम जल्द ही नया प्रमोशनल रोडमैप जारी कर सकती है, लेकिन फिलहाल सब कुछ अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
वैश्विक सोच के साथ बनी फिल्म
निर्माता कंपनियां केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि टॉक्सिक को एक ग्लोबल सिनेमैटिक अनुभव के रूप में बनाया गया है। इसे कन्नड़ और अंग्रेजी में एक साथ शूट किया गया है, जबकि हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम में डब वर्जन भी तैयार किए जा रहे हैं।
निर्माताओं ने माना कि रिलीज टालना आसान फैसला नहीं था, लेकिन दर्शकों और अंतरराष्ट्रीय वितरण साझेदारों के हित को देखते हुए यह जरूरी कदम उठाया गया।
दमदार स्टारकास्ट और बड़ी उम्मीदें
फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है और इसकी कहानी में अभिनेता यश ने भी योगदान दिया है। यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी।
फैंस को 8 मार्च को फिल्म की पहली झलक मिलने वाली थी, लेकिन अब उन्हें थोड़ा और इंतजार करना होगा। हालांकि उम्मीद की जा रही है कि जून 2026 में रिलीज होने पर टॉक्सिक बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका कर सकती है।
फिलहाल इतना तय है कि इंतजार लंबा जरूर होगा, लेकिन फिल्म से जुड़ी उत्सुकता कम नहीं हुई है।