Publish Date: Thu, 09 Apr 2026 (16:49 IST)
Updated Date: Thu, 09 Apr 2026 (17:19 IST)
रात के सन्नाटे को चीरती हुई एक चीख भी बाहर नहीं निकल पाई, क्योंकि मौत ने बिस्तर पर ही अपना जाल बिछा दिया था। जिस घर में खुशियों की शहनाई गूंजी थी, वहीं से अब खून की बू आ रही थी। मसाला कारोबारी देवकृष्ण पुरोहित को क्या मालूम था कि जिस पत्नी के लिए उन्होंने घर के दरवाजे खोले थे, वही मौत का दरवाजा भी खोल देगी। 2015 में शुरू हुई यह प्रेम कहानी 2026 की दहलीज पर आकर एक खूनी दास्तान में तब्दील हो गई। एक मसाला कारोबारी का घर आज मातम और बेवफाई की गवाही दे रहा है।
इस मामले ने मध्यप्रदेश के सबसे चर्चित 'राजा हत्याकांड' के जख्मों को कुरेद दिया है, जहां सोनम रघुवंशी नाम की महिला ने हनीमून पर ही अपने पति को मौत के घाट उतार दिया था। धार की प्रियंका ने भी उसी बेरहमी का परिचय दिया। भले ही कातिलों ने खुद को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन डिजिटल फुटप्रिंट्स ने उनका खेल बिगाड़ दिया। पुलिस के सामने उसकी एक्टिंग भी काम न आ सकी। उसका एक्टिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मुस्कान, सोनम रघुवंशी के साथ धार की प्रियंका का नाम भी जुड़ गया है जिसने नकली लूट की ऐसी गोटी फिट की कि पति को मरवाकर खुद के हाथ पैर बंधवा लिए, घर तहस नहस करवा लिया। थोड़े जेवर, पैसे भी लुटवा दिए। सबके इकट्ठा होते ही बदहवास सी रोती बिलखती मरे पति की छाती पर गिर गिर कर रोने की ऐसी जोरदार एक्टिंग करने लगी कि देखने वालों का भी कलेजा कांप गया।
'काम नहीं कर सकते तो पैसे लौटा दो'
पुलिस की फाइलें जब खुलीं तो होश उड़ाने वाले राज सामने आए। मास्टरमाइंड कोई और नहीं, मृतक की पत्नी प्रियंका थी। वह अपने पति को रास्ते से हटाकर अपने प्रेमी कमलेश के साथ नई दुनिया बसाना चाहती थी। साजिश इतनी गहरी थी कि प्रियंका ने खुद एक लाख रुपए की सुपारी देकर कातिल किराए पर लिया। 3 अप्रैल की रात मौत का पहला वार होना था, लेकिन किस्मत ने देवकृष्ण का साथ दिया और सुपारी किलर नहीं पहुंचा। इस पर प्रियंका का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने वॉट्सएप पर अपने प्रेमी और किलर सुरेंद्र भाटी को जो मैसेज भेजा, उसने पुलिस के भी रोंगटे खड़े कर दिए- अगर तुमसे काम नहीं होता, तो मेरे एक लाख रुपए वापस कर दो! यह धमकी काम कर गई। कातिलों ने जल्द से जल्द 'काम' तमाम करने का वादा किया।
अपराध का 'ब्लूप्रिंट': नशा, दरवाजा और दगाबाजी
प्रियंका ने चार दिनों तक घर को एक 'किलिंग जोन' में बदल दिया। खबरों के मुताबिक उसने पूरे परिवार के खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया ताकि आधी रात को कोई जाग न सके। उसने घर के दरवाजों और तालों की सेटिंग इस तरह की कि सुपारी किलर सुरेंद्र भाटी बिना किसी रुकावट के सीधे देवकृष्ण के बेडरूम तक पहुंच सके। सुरेंद्र घर में दाखिल हुआ और एक भारी धारदार हथियार से देवकृष्ण के सिर पर वार कर उन्हें हमेशा की नींद सुला दिया। पुलिस टीम ने जब मोबाइल डेटा खंगाला तो प्रियंका और प्रेमी कमलेश की लोकेशन और चैट ने सारा राज उगल दिया। प्रेमी कमलेश वारदात के वक्त आसपास ही मंडरा रहा था ताकि 'काम' होने की पुष्टि कर सके। Edited by : Sudhir Sharma
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें