Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

गुजरात के अपमान पर भड़के CM भूपेंद्र पटेल, खरगे के 'अनपढ़' वाले बयान पर कांग्रेस से माफी की मांग

Advertiesment
भूपेंद्र पटेल मल्लिकार्जुन खरगे विवाद
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा केरल में एक चुनावी रैली के दौरान गुजरात के लोगों के बारे में की गई टिप्पणी से बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। खड़गे ने कथित तौर पर गुजरात के लोगों को "अनपढ़" बताया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उन्हें "मूर्ख" बना रहे हैं। इस बयान के बाद गुजरात से लेकर दिल्ली तक राजनीति गरमा गई है और भाजपा नेताओं ने कांग्रेस से माफी की मांग की है।

सीएम भूपेंद्र पटेल का पलटवार

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस बयान को 6 करोड़ गुजरातियों का अपमान बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि खरगे का यह बयान अत्यंत आपत्तिजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात हमेशा राष्ट्र निर्माण और विकास में अग्रणी रहा है और ऐसी टिप्पणियां कांग्रेस पार्टी की संकीर्ण मानसिकता और पीएम मोदी के नेतृत्व के प्रति उनकी असुरक्षा को दर्शाती हैं।

गांधी और सरदार के अपमान से की तुलना

मुख्यमंत्री ने इस विवाद को गुजरात के सपूतों महात्मा गांधी और सरदार पटेल की गरिमा से भी जोड़ा। उन्होंने कहा कि ऐसी टिप्पणियां न केवल जनता का, बल्कि गांधी और सरदार की पवित्र भूमि का भी अपमान हैं। भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं ने भी सवाल उठाए हैं कि क्या कांग्रेस महात्मा गांधी और सरदार पटेल को भी इसी दृष्टि से देखती है?

चुनाव के समय कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ीं

यह विवाद ऐसे समय में आया है जब गुजरात में जल्द ही स्थानीय निकाय चुनाव होने वाले हैं और केरल में भी 9 अप्रैल को मतदान होना है। भाजपा नेताओं के अनुसार, कांग्रेस के ऐसे बयानों से जनता में भारी रोष देखा जा रहा है, जिसका सीधा असर आगामी चुनावों के परिणामों पर पड़ सकता है। दिल्ली में भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने भी इस मामले में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।

जनता देगी करारा जवाब

सीएम भूपेंद्र पटेल ने विश्वास व्यक्त किया कि गुजरात की जागरूक जनता ऐसे अपमानजनक बयानों का बैलेट बॉक्स के माध्यम से उचित जवाब देगी। उन्होंने आगे कहा कि न केवल गुजरात, बल्कि केरल के लोग भी आने वाले समय में कांग्रेस को नकार कर भाजपा की विकास की राजनीति का समर्थन करेंगे। फिलहाल इस मामले में कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

योगी सरकार की योजना से अमेठी की पूनम बनीं आत्मनिर्भर उद्यमी, युवा उद्यमी योजना ने बदली जिंदगी