Publish Date: Tue, 10 Mar 2026 (18:46 IST)
Updated Date: Tue, 10 Mar 2026 (18:49 IST)
Bomb threat in Gujarat: गुजरात में वडोदरा की पारुल यूनिवर्सिटी, भावनगर मुख्य डाकघर के साथ-साथ सूरत, जूनागढ़, राजकोट और अहमदाबाद के पासपोर्ट एवं डाक कार्यालयों को बम से उड़ाने वाले धमकी भरे ई-मेल मिले हैं। इस गंभीर खतरे को देखते हुए पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड तुरंत मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा के मद्देनजर सभी परिसरों को खाली करा लिया गया और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
सूरत के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को मिले ई-मेल में बेहद गंभीर दावे किए गए हैं। सुबह 8:49 बजे आए इस मेल में कार्यालय में सायनाइड गैस से भरे 5 IED विस्फोट करने की धमकी दी गई थी और दोपहर 1:10 बजे तक नाक-मुंह ढंककर ऑफिस खाली करने को कहा गया था। इसके अलावा, मेल में 2000 करोड़ के ड्रग्स केस को महज ध्यान भटकाने की कोशिश बताते हुए दावा किया गया है कि उस पैसे का इस्तेमाल भारत में आतंकी गतिविधियों के लिए किया जा रहा है।
मद्रास टाइगर्स' के नाम से मेल
यह धमकी भरा ई-मेल
[email protected] नामक आईडी से आया है, जिसमें भेजने वाले का पता कोयंबटूर का 'मद्रास टाइगर्स' बताया गया है। पत्र में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यह कोई अफवाह (Hoax) नहीं है और पहले भेजे गए मेल केवल गुजरात पुलिस और ATS का 'रिस्पॉन्स टाइम' जांचने के लिए थे। मेल में दावा किया गया है कि यह संगठन अल-बदर और तालिबान जैसी विचारधारा रखता है और देश भर में सिलसिलेवार विस्फोटों की योजना बना रहा है।
उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट और साइबर क्राइम द्वारा जांच शुरू
इस घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सूरत पासपोर्ट कार्यालय ने तुरंत पुलिस कमिश्नर, विदेश मंत्रालय और जिला कलेक्टर को लिखित रिपोर्ट भेजी है। BDDS की टीम अत्याधुनिक उपकरणों के साथ सर्च ऑपरेशन चला रही है, जबकि सूरत साइबर क्राइम सेल मेल भेजने वाले का IP एड्रेस ट्रैक करने में जुटी है। पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि यह वास्तव में कोई आतंकी साजिश है या फिर किसी असामाजिक तत्व का पब्लिसिटी स्टंट।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
Publish Date: Tue, 10 Mar 2026 (18:46 IST)
Updated Date: Tue, 10 Mar 2026 (18:49 IST)