Publish Date: Tue, 24 Feb 2026 (14:40 IST)
Updated Date: Tue, 24 Feb 2026 (14:45 IST)
Jungleshwar Mega Demolition News: गुजरात में राजकोट के जंगलेश्वर में सोमवार को करीब 1100 से ज्यादा अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चला। इन सभी को प्रशासनिक अमले ने तोड़ दिया। यह कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी है। करीब 1492 घरों को हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। यह कार्रवाई मंगलवार को भी जारी रही। इसे राजकोट के इतिहास में सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहे है।
कल की कार्रवाई पर एक नज़र
डिमोलिशन के पहले दिन प्रशासन द्वारा अभूतपूर्व और सख्त कार्रवाई की गई। पूरे दिन के दौरान कुल 1,119 अवैध संपत्तियों और मकानों को ध्वस्त किया गया। इनमें से 997 संपत्तियां नदी के तल (नदी के पट) क्षेत्र में स्थित थीं, जिनमें से 681 मकानों को पूरी तरह हटा दिया गया। तड़के सुबह से शुरू हुआ यह ऑपरेशन देर रात तक जारी रहा, जिसमें नगर निगम की टीम ने बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाया।
दूसरे दिन भी चला बुलडोजर
दूसरे दिन मंगलवार को भी अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई जारी रही। सुबह से ही नगर निगम की टीम और भारी पुलिस बल फिर से जंगलेश्वर इलाके में तैनात हो गया। आज का शेष बचे लगभग 300 से 400 अवैध मकानों को ढहाया जा रहा है। पूरे ऑपरेशन के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो और कानून-व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए पुलिस का कड़ा बंदोबस्त किया गया है और इलाके में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। इस मामले में लगभग 1,492 घरों को तोड़ने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। हालांकि कुछ लोगों ने अपने अवैध निर्माण स्वयं ही हटा लिए थे।
DCP हेतल पटेल का बयान
इस पूरे मामले पर DCP हेतल पटेल ने कहा कि डिमोलिशन की कार्रवाई पूरी तरह से कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है। अब तक स्थानीय लोगों का अच्छा सहयोग मिला है और कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala