Publish Date: Mon, 23 Feb 2026 (11:28 IST)
Updated Date: Mon, 23 Feb 2026 (11:35 IST)
गुजरात के समुद्री तट पर सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। Indian Coast Guard (ICG) ने अरब सागर में भारतीय समुद्री सीमा के भीतर संदिग्ध गतिविधि करते हुए अल मुख्तार नामक विदेशी नाव को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान नाव से बड़ी मात्रा में विदेशी ब्रांड की सिगरेट बरामद की गई।
कार्रवाई द्वारका तट से पश्चिम दिशा में समुद्र के भीतर की गई। कोस्ट गार्ड ने नाव को जब्त कर उस पर सवार चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जो प्रारंभिक जांच में ईरानी नागरिक बताए जा रहे हैं।
200 कार्टन में छिपाई गई थी खेप
जांच में सामने आया है कि नाव में करीब 200 कार्टन छिपाकर रखे गए थे, जिनमें लगभग एक लाख पैकेट विदेशी सिगरेट भरे हुए थे। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत करीब 2.5 से 5 करोड़ रुपये के बीच आंकी जा रही है।
एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे भारत में किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था।
पोरबंदर में होगी संयुक्त पूछताछ
जब्त की गई नाव को आगे की जांच के लिए Porbandar ले जाया जा रहा है, जहां विभिन्न एजेंसियां संयुक्त पूछताछ करेंगी। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले के तार किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में Gujarat Anti-Terrorist Squad (ATS) और कोस्ट गार्ड ने संयुक्त अभियान में गुजरात तट के पास दो ईरानी नागरिकों को संदिग्ध मादक पदार्थ के साथ पकड़ा था। लगातार दूसरी विदेशी नाव पकड़े जाने के बाद समुद्री सीमा में निगरानी और कड़ी कर दी गई है।
edited by : Nrapendra Gupta