Publish Date: Fri, 13 Mar 2026 (18:03 IST)
Updated Date: Fri, 13 Mar 2026 (18:07 IST)
Road to Heaven Lakhpat to Dholavira: गुजरात के कच्छ में स्थित और पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय 'रोड टू हेवन' (Road to Heaven) का अब कायाकल्प होने जा रहा है। केंद्रीय सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इस आकर्षक मार्ग सहित नेशनल हाईवे 754K के विकास के लिए 650.42 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की है। इस प्रोजेक्ट के तहत लखपत से धोलावीरा को जोड़ने वाले 165.58 किलोमीटर लंबे मार्ग को अधिक आधुनिक और सुविधाजनक बनाया जाएगा, जिसका सीधा लाभ लाखों पर्यटकों को मिलेगा।
सिंगल लेन से 2-लेन हाईवे : यात्रा होगी अब और भी सुरक्षित
वर्तमान में कच्छ के धोर्डो से धोलावीरा के बीच का यह मार्ग सिंगल लेन होने के कारण अक्सर ट्रैफिक और दुर्घटनाओं का डर बना रहता था। नई योजना के अनुसार, इस नेशनल हाईवे को 'पेव्ड शोल्डर कॉन्फ़िगरेशन' के साथ 2-लेन में अपग्रेड किया जाएगा। विशेष रूप से 'रोड टू हेवन' के रूप में पहचाने जाने वाले 30 किलोमीटर के हिस्से की चौड़ाई बढ़ने से पर्यटक सफेद रण की सुंदरता का आनंद अधिक सुरक्षित तरीके से ले सकेंगे। सड़क सुधरने से वाहनों के संचालन की लागत घटेगी और ईंधन की भी बचत होगी।
खनिज और नमक उद्योग को बढ़ावा : आर्थिक विकास में होगा इजाफा
यह हाईवे केवल पर्यटन के लिए ही नहीं, बल्कि कच्छ के आर्थिक विकास के लिए भी रीढ़ की हड्डी साबित होगा। इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर फैले खनिज और नमक उद्योगों के लिए माल की आवाजाही अब अधिक सरल और तेज हो जाएगी। लखपत, गडुली, हाजीपीर और खावड़ा जैसे क्षेत्रों को जोड़ने वाला यह कॉरिडोर कच्छ क्षेत्र को गुजरात के बाकी हिस्सों से मजबूती से जोड़ेगा, जिससे क्षेत्रीय व्यापार को बड़ा फायदा होगा।
सांस्कृतिक उत्सवों और रणोत्सव तक पहुंच होगी आसान
कच्छ में हर साल 'रणोत्सव' सहित कई बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें देश-विदेश से भारी संख्या में पर्यटक आते हैं। नितिन गडकरी ने बताया कि इन कार्यक्रमों की सफलता और पहुंच इसी कॉरिडोर पर निर्भर करती है। सड़क के चौड़ीकरण और नए निर्माण से पर्यटकों में नया उत्साह जगेगा और कच्छ के पर्यटन क्षेत्र में एक बड़ी छलांग देखने को मिलेगी, जिससे स्थानीय रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala