Publish Date: Sat, 28 Mar 2026 (20:19 IST)
Updated Date: Sat, 28 Mar 2026 (20:32 IST)
Vadodara Station Premium Amenities: वडोदरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं में एक और नया अध्याय जुड़ गया है। आज 28 मार्च को वडोदरा के सांसद डॉ. हेमांग जोशी के हाथों राज्य के पहले और देश के दूसरे 'डिजिटल लाउंज' का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर विधायक केयूर रोकड़िया और रेलवे के उच्च अधिकारी उपस्थित रहे। अब वडोदरा स्टेशन पर उतरने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी आधुनिक और आरामदायक सुविधाएं रेलवे स्टेशन परिसर के भीतर ही मिल सकेंगी।
किफायती दर पर प्रीमियम सुविधाएं
इस डिजिटल लाउंज में यात्रियों के लिए बेहद आरामदायक व्यवस्था की गई है। मात्र 200 रुपए प्रति घंटे के शुल्क पर यात्री एसी लाउंज में फ्री वाई-फाई, चाय-कॉफी, सोफा और टीवी जैसी सुविधाओं का आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा, जो यात्री रात में रुकना या आराम करना चाहते हैं, उनके लिए 700 रुपये में दो घंटे के लिए आरामदायक बेड, वेलकम ड्रिंक और पानी की बोतल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
बिजनेस मीटिंग के लिए कॉन्फ्रेंस हॉल
वडोदरा एक इंडस्ट्रियल और कमर्शियल हब होने के कारण, यहां व्यापार के सिलसिले में आने वाले यात्रियों के लिए विशेष कॉन्फ्रेंस हॉल की सुविधा भी रखी गई है। 1680 रुपए के शुल्क में तीन घंटे के लिए मीटिंग हॉल बुक किया जा सकता है, जिसमें 6 व्यक्ति आराम से बैठकर वाई-फाई और टीवी प्रेजेंटेशन के साथ अपनी व्यावसायिक मीटिंग पूरी कर सकेंगे। वंदे भारत जैसी ट्रेनों में आने वाले बिजनेस ट्रैवलर्स के लिए यह सुविधा वरदान साबित होगी।
डिजिटल लॉकर और शॉवर की व्यवस्था
यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां डिजिटल लॉकर सिस्टम भी शुरू किया गया है। यदि किसी यात्री को अपना कीमती सामान स्टेशन पर छोड़कर शहर में किसी काम के लिए जाना है, तो वे 100 रुपए प्रति घंटे की दर से लॉकर का उपयोग कर सकते हैं। साथ ही, लाउंज में हाइजीनिक शॉवर और वॉशरूम की सुविधा भी दी गई है, ताकि यात्री फ्रेश होकर अपनी आगे की यात्रा या काम के लिए जा सकें।
विकसित वडोदरा की ओर एक महत्वपूर्ण कदम
सांसद डॉ. हेमांग जोशी ने इस सुविधा को 'विकसित वडोदरा से विकसित भारत' के सपने की ओर एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। रेलवे के डीआरएम (DRM) राजू भड़के ने कहा कि वडोदरा स्टेशन के महत्व को देखते हुए इस तरह के लाउंज की आवश्यकता लंबे समय से थी। पूरे भारत में दिल्ली के बाद वडोदरा ऐसा दूसरा स्टेशन बन गया है जहां इस स्तर की डिजिटल सुविधा उपलब्ध हुई है, जो शहर के आर्थिक विकास को नई गति देगी।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें