इंदौरियों पर कोई नया टैक्स नहीं, भागीरथपुरा पीड़ित परिवार के सदस्य को नौकरी, अमृत योजना में होंगे 1500 करोड़ के काम
इंदौर नगर निगम ने पेश किया बजट, नया टैक्स नहीं, लेकिन कोई बड़ी डी योजना का ऐलान भी नहीं
Publish Date: Tue, 07 Apr 2026 (17:23 IST)
Updated Date: Tue, 07 Apr 2026 (17:46 IST)
इंदौर नगर निगम का 8 हजार 453 करोड़ रुपए का बजट मंगलवार को पेश किया गया। इस बजट में मास्टर प्लान की सड़कों को तय समय में पूरा करने पर जोर दिया गया है। कुशवाह नगर जैसी नई सड़कों का निर्माण और अधूरी सड़कों को तेजी से पूरा करने की योजना शामिल की गई है।
वहीं, भागीरथपुरा में दूषित जल से जान गंवाने वाले परिवार के एक सदस्य को नगर निगम इंदौर में नौकरी दी जाएगी। पिछले दिनों दूषित पानी ने इंदौर में 36 जानें ले लीं। नगर निगम पर लापरवाही के आरोप लगे हैं, ऐसे में बजट का बड़ा हिस्सा पानी से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर है।
इंदौर के पानी पर फोकस : नर्मदा परियोजना के चौथे चरण में नई पाइपलाइन बिछाना, पुरानी पाइपलाइन बदलना, हर वार्ड में पानी टेस्टिंग लैब बनाने का लक्ष्य रखा गया है। अमृत-2 और अन्य योजनाओं के तहत 1500 करोड़ रुपए से ज्यादा के काम किए जाएंगे। इनमें पानी की टंकियां, सीवरेज सिस्टम और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट किया जाएगा।
इंदौरियों पर कोई नया कर नहीं : इंदौर के नए बजट में कोई भी नया कर नहीं लगाने का दावा किया गया है। हालांकि कोई बड़ी घोषणा नजर नहीं आ रही है। महापौर के मुताबिक, अब 2 साल में की गई घोषणाओं को अमल में लाने और भागीरथपुरा जैसी घटना फिर से न हो, उस पर खासतौर से फोकस किया जाएगा।
इंदौर मेट्रोपॉलिटन बदलेगा शहर की सूरत : बजट में इंदौर मेट्रोपॉलिटन से शहर की सूरत बदलने और उद्योग, व्यापार, अर्थव्यवस्था का बड़ा केन्द्र बनने के साथ विजन 2050 को अपने बजट की टैगलाइन बताया गया है। 5 फीसदी आरक्षित निधि के चलते 92 करोड़ के घाटे का बजट बना है। वैसे 8 हजार 455 करोड़ की आय और 8 हजार 443 करोड़ का व्यय 2026-27 के बजट में बताया गया है। नर्मदा के चौथे चरण के साथ मास्टर प्लान की 23 सडक़ों के निर्माण को प्रमुख रूप से बजट में जिक्र गिया गया। उन्होंने बताया कि इस बार शहर से 1 हजार करोड़ रुपए से अधिक का राजस्व जमा हुआ, जिसके लिए जनता को धन्यवाद।
बजट में क्या है फोकस
-
इस बार बजट में शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस है।
-
नर्मदा जल के चतुर्थ चरण के प्रोजेक्ट
-
शहर में मास्टर प्लान की सड़कों को समय सीमा में पूरा करना
-
कुशवाह नगर में नई रोड
-
सभी वार्डों में पानी टेस्टिंग लैब
-
1500 करोड़ के जल प्रोजेक्ट्स को गति
-
पानी जांचने की एक हाईटेक लैब प्रस्तावित
अमृत योजना में 1500 करोड़ : इधर अमृत-2 योजना के तहत 1500 करोड़ रुपए से अधिक के कामों को गति देने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत शहर में नई पानी की टंकियों का निर्माण किया जाएगा, नई पाइपलाइन बिछाई जाएंगी और पुरानी पाइपलाइन को बदला जाएगा। साथ ही जलूद से इंदौर तक नर्मदा-4 परियोजना के तहत भी कार्य आगे बढ़ाए जाएंगे।
बजट में खास बातें...
-
बजट में 92 करोड़ का घाटा बताया, 8443 करोड़ होंगे खर्च
-
नया कर नहीं, वहीं पुरानी घोषणाओं को 2 साल में पूरा करेंगे
-
2050 में इंदौर की आबादी 90 लाख के पार हो जाएगी
-
600 करोड़ के लोन तो 500 करोड़ ठेकेदारों की देनदारी
-
बुधवार को विपक्ष करेगा बजट पर बहस और चर्चा
रिपोर्ट : नवीन रांगियाल
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
Publish Date: Tue, 07 Apr 2026 (17:23 IST)
Updated Date: Tue, 07 Apr 2026 (17:46 IST)