Bangladesh Rockstar James Concert: बांग्लादेश के फरीदपुर में कट्टरपंथियों ने शुक्रवार रात जिला स्कूल की 185वीं वर्षगांठ पर आयोजित रॉकस्टार जेम्स के कॉन्सर्ट में जमकर पत्थरबाजी की। इस हमले में 20-25 छात्र घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि कॉन्सर्ट शुक्रवार रात करीब 9 बजे फरीदपुर जिला स्कूल परिसर में शुरू होने वाला था। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही कुछ बाहरी लोग जबरन अंदर घुसने की कोशिश करने लगे। जब उन्हें रोका गया तो उन्होंने मंच पर कब्जा करने के इरादे से ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।
बांग्लादेश के सबसे बड़े रॉक स्टार्स में से एक फारूक महफूज अनम जेम्स के नाम से मशहूर हैं। वे कई बॉलीवुड फिल्मों के लिए भी गाने गा चुके हैं। उनका गाया एक गीत भीगी-भीगी सी है रातें काफी लोकप्रिय हुआ था। हमले के दौरान जेम्स किसी तरह सुरक्षित निकलने में कामयाब रहे।
मीडिया खबरों के अनुसार, हमलावरों की इस हरकत से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जिला स्कूल के छात्रों ने किसी तरह हालात संभाला। हालांकि, इस दौरान पत्थरबाजी में कम से कम 20 से 25 छात्र घायल हो गए। फरीदपुर के डिप्टी कमिश्नर के निर्देश पर सुरक्षा कारणों से कॉन्सर्ट को रद्द कर दिया गया।
गौरतलब है कि छात्र नेता उस्मान हादी की हत्या के बाद से बांग्लादेश में हालात चिंताजनक बने हुए हैं। जेम्स के कॉन्सर्ट पर हमला क्यों किया गया और इसके पीछे कौन लोग थे?
edited by : Nrapendra Gupta