Publish Date: Sun, 01 Mar 2026 (09:48 IST)
Updated Date: Sun, 01 Mar 2026 (09:50 IST)
अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमलों में इस्लामिक रिवोल्यूशन के नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई। ईरान ने सुप्रीम लीडर के मारे जाने के बाद 40 दिनों के शोक का ऐलान कर दिया है। 7 दिनों की सरकारी छुट्टी का ऐलान किया है। इस बात की पहले ही पुष्टि हो चुकी थी कि उनकी बेटी-दामाद, नाती और ईरानी रक्षा मंत्री मारे जा चुके हैं।
खामेनेई की मौत के बाद ईरानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने दुख जताया है। ईरानी न्यूज एजेंसी फार्स के मुताबिक, IRGC ने कहा कि हमने एक महान नेता खो दिया है और पूरा देश उनका शोक मना रहा है।
ईरानी सेना ने खतरनाक अभियान की शुरुआत की घोषणा की है। सेना ने कहा कि यह हमला कुछ ही देर में शुरू होगा और क्षेत्र में कब्जे वाले क्षेत्रों और अमेरिकी आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाएगा। इधर इजराइल डिफेंस फोर्सेज का कहना है कि हमले जारी हैं। अब तक पश्चिमी और मध्य ईरान में 30 से ज़्यादा ठिकानों पर हमले हुए हैं। इनमें एरियल डिफेंस सिस्टम, मिसाइल लॉन्चर, सरकार के टारगेट और मिलिट्री कमांड सेंटर शामिल हैं। Edited by : Sudhir Sharma