Shaksgam Valley india-china : पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में स्थित रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण शक्सगाम घाटी को लेकर भारत और चीन के बीच तनाव बढ़ गया है। चीन ने सोमवार को एक बार फिर इस क्षेत्र पर अपना दावा ठोकते हुए कहा कि यह इलाका उसका है और वह अपनी जमीन पर बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) का निर्माण करने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र है। भारत ने सड़क निर्माण को अवैध कब्जा बताया है।
शक्सगाम घाटी उत्तर में चीन के शिनजियांग प्रांत, दक्षिण-पश्चिम में PoK के गिलगित-बाल्टिस्तान और पूर्व में सियाचिन ग्लेशियर से घिरी हुई है।
चीन इस संवेदनशील क्षेत्र में लगभग 75 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कर चुका है, जिस पर भारत ने 10 जनवरी को कड़ी आपत्ति जताई थी। पाकिस्तान ने 1948 में शक्सगाम घाटी पर अवैध कब्जा कर लिया था और 1963 में यह इलाका चीन को सौंप दिया था।
पाकिस्तान का लिया सहारा
चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने बीजिंग में मीडिया से बात करते हुए कहा कि चीन और पाकिस्तान ने 1960 के दशक में एक सीमा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। उन्होंने तर्क दिया कि दो संप्रभु देशों के रूप में सीमा का निर्धारण करना उनका अधिकार था। उन्होंने कहा कि शक्सगाम क्षेत्र चीन का हिस्सा है। चीन द्वारा अपनी जमीन पर निर्माण कार्य करना पूरी तरह से जायज है। चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (CPEC) एक आर्थिक पहल है और इससे कश्मीर मुद्दे पर चीन के रुख में कोई बदलाव नहीं आएगा।
पाकिस्तान ने चीन को सौंपा था इलाका
पाकिस्तान ने 1963 में एक विवादास्पद समझौते के तहत यह इलाका चीन को सौंप दिया था। इसके बाद वहां कराकोरम हाईवे का निर्माण हुआ। भारत ने साफ कर दिया है कि वह अपनी क्षेत्रीय अखंडता से कोई समझौता नहीं करेगा, जबकि चीन बुनियादी ढांचे के नाम पर इस विवादित क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में जुटा है।
भारत ने कहा- शक्सगाम घाटी भारतीय क्षेत्र, कब्जा अवैध
भारत ने चीन की इन गतिविधियों और दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने स्पष्ट किया कि भारत ने 1963 के तथाकथित 'चीन-पाकिस्तान सीमा समझौते' को कभी स्वीकार नहीं किया है। जायसवाल ने कहा कि शक्सगाम घाटी भारतीय क्षेत्र है। पाकिस्तान द्वारा इस क्षेत्र को अवैध रूप से चीन को सौंपना गलत था। हमारा रुख हमेशा से स्पष्ट रहा है कि यह समझौता अवैध और पूरी तरह अमान्य है। Edited by: Sudhir Sharma