Vladimir Putin news in Hindi : अमेरिका खुफिया एजेंसी सीआईए ने दावा किया कि यूक्रेन ने रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन के घर ड्रोन हमला नहीं किया था। पुतिन के दावे के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने इस हमले की निंदा की थी।
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि सीआईए ने क्रेमलिन के दावे के बाद सच पता लगाने के लिए यूक्रेन ड्रोन हमले का आकलन किया है। इसमें पता लगा है कि यूक्रेन ने अपने देश के उत्तर में हाल ही में हुए ड्रोन हमले में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास पर हमला नहीं किया था।
सीआईए का यह निष्कर्ष सोमवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ फोन कॉल के दौरान रूसी नेता के आरोप को गलत साबित करती है। सीआईए डायरेक्टर जॉन रैटक्लिफ ने ट्रंप को इस संबंध में जानकारी दी।
ट्रंप ने बुधवार को ट्रुथ सोशल पर न्यूयॉर्क पोस्ट के एक संपादकीय का लिंक पोस्ट किया, जिसका शीर्षक था, पुतिन का उनके आवास पर हमले का दिखावा यह प्रदर्शित करता है और दरअसल रूस ही शांति के रास्ते में रुकावट बन रहा है।
गौरतलब है कि रूस ने सोमवार को दावा किया कि यूक्रेन ने नोवगोरोड में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सरकारी आवास पर हमला करने की कोशिश की। हालांकि रूस के एयर डिफेंस सिस्टम ने इस हमले को नाकाम कर दिया। इधर जेलेंस्की ने आरोप को पूरी तरह झूठा और मनगढंत बताते हुए कहा कि रूस हम पर हमला करने का बहाना खोज रहा है।
edited by : Nrapendra Gupta