अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने अवैध प्रवासियों के लिए एक बड़ा क्रिसमस प्रोत्साहन पैकेज घोषित किया है। सामूहिक निर्वासन की प्रक्रिया को तेज करने और प्रवर्तन लागत घटाने के उद्देश्य से गृह सुरक्षा विभाग (DHS) ने ऐलान किया है कि जो अवैध प्रवासी साल के अंत से पहले स्वेच्छा से अमेरिका छोड़ने के लिए सहमत होंगे, उन्हें 3,000 डॉलर (करीब 2.7 लाख रुपए) की राशि और घर लौटने के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
DHS के अनुसार जो अवैध प्रवासी साल के अंत तक CBP (कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन) होम ऐप के जरिए स्वयं निर्वासन के लिए पंजीकरण कराते हैं, उन्हें 3,000 डॉलर की राशि के साथ मुफ्त फ्लाइट दी जाएगी। इसके अतिरिक्त इस ऐप के माध्यम से आवेदन करने वालों को देश छोड़ने में विफल रहने पर लगाए गए किसी भी सिविल जुर्माने या दंड से माफी भी मिलेगी।
यह 3,000 डॉलर की पेशकश मई में घोषित 1,000 डॉलर की योजना से तीन गुना अधिक है। यह कदम ट्रंप प्रशासन की छुट्टियों के मौसम में निर्वासन की प्रक्रिया को तेज करने की मुहिम का हिस्सा माना जा रहा है।
DHS के बयान में कहा गया है कि CBP होम ऐप के जरिए स्वयं निर्वासन अवैध प्रवासियों और उनके परिवारों के लिए इस छुट्टियों के मौसम में सबसे बेहतर 'तोहफा' है। यह एक तेज, मुफ्त और आसान प्रक्रिया है- बस ऐप डाउनलोड करें, अपनी जानकारी भरें और बाकी व्यवस्था, जिसमें यात्रा का खर्च भी शामिल है, DHS खुद करेगा।
हालांकि प्रशासन ने चेतावनी भी दी है कि जो अवैध प्रवासी इस विशेष पेशकश का लाभ नहीं उठाएंगे, उनके पास केवल एक ही विकल्प बचेगा- उन्हें गिरफ्तार कर निर्वासित किया जाएगा और वे भविष्य में कभी भी अमेरिका नहीं लौट सकेंगे। गृह सुरक्षा मंत्री क्रिस्टी नोएम ने भी एक बयान में कहा कि अवैध प्रवासियों को इस 'तोहफे' का लाभ उठाकर स्वयं निर्वासन कर लेना चाहिए, क्योंकि अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो प्रशासन उन्हें ढूंढकर गिरफ्तार करेगा और वे अमेरिका वापस नहीं आ पाएंगे।
DHS के मुताबिक अब तक 19 लाख अवैध प्रवासी स्वेच्छा से देश छोड़ चुके हैं, जिनमें से जनवरी 2025 से अब तक हजारों लोगों ने CBP होम ऐप का इस्तेमाल किया है। Edited by : Sudhir Sharma