Publish Date: Mon, 18 May 2026 (09:52 IST)
Updated Date: Mon, 18 May 2026 (10:06 IST)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर मिडिल ईस्ट के नक्शे और स्पेस फोर्स की एआई तस्वीर पोस्ट कर ईरान को बड़ी चेतावनी दी है। चीन दौरे से लौटते ही ट्रंप ने नेशनल सिक्योरिटी टीम के साथ हाई-लेवल बैठक की है, जिससे पश्चिम एशिया में युद्ध का खतरा बढ़ गया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर मध्य-पूर्व के नक्शे की एक तस्वीर पोस्ट की है। इस पर कोई कैप्शन नहीं है। इस पोस्ट में जो फोटो दिखाई गई है। उसमें इस पूरे क्षेत्र पर अमेरिकी झंडा बना हुआ है। ईरान की ओर लाल तीर से इशारा किया गया है।
ट्रंप ने एक अन्य पोस्ट में ट्रंप ने कमांड सेंटर से स्पेस फोर्स की अपनी एक तस्वीर शेयर की, एआई जनरेटेड इस इमेज में ट्रंप एक लाल बटन दबाते दिख रहे हैं। इसमें कई स्क्रीन्स पर टारगेट तबाह होने के दृश्य दिख रहे हैं।
ट्रंप ने रविवार को ईरान को एक और चेतावनी दी थी। इसमें कहा था कि इस्लामिक गणराज्य के लिए घड़ी की सुइयां तेजी से आगे बढ़ रही हैं और ईरानियों के लिए बेहतर होगा कि वे जल्दी से कोई कदम उठाएं, नहीं तो कुछ भी नहीं बचेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच तेहरान के लिए समय बहुत कीमती है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने चीन दौरे से लौटने के तुरंत बाद नेशनल सिक्योरिटी टीम के टॉप अधिकारियों से मुलाकात की। इस बैठक में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मारको रूबियो, CIA के निदेशक जॉन रैटक्लिफ और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ भी शामिल हुए। बैठक बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ सकता है।
इस बीच, ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के प्रमुख इब्राहिम अजीजी के अनुसार, ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते समुद्री आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए एक नई व्यवस्था तैयार कर रहा है।
अजीजी ने कहा कि निर्धारित शिपिंग मार्ग का जल्द ही खुलासा किया जाएगा और इससे मुख्य रूप से वाणिज्यिक जहाजों और तेहरान के साथ सहयोग करने वाले देशों को लाभ होगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि ईरान प्रस्तावित व्यवस्था के तहत दी जाने वाली विशेष सेवाओं के लिए शुल्क लेने की योजना बना रहा है।
गौरतलब है कि हार्मुज पर अमेरिकी नाकेबंदी के बाद भी ईरान के नहीं झुकने से ट्रंप हैरान हैं और वह ईरान में बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान फिर से शुरू करने के विकल्प पर ज्यादा गंभीरता से विचार कर रहे हैं। उनका मकसद ईरान पर दबाव डालकर जंग खत्म करना है।
edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें