Publish Date: Thu, 21 May 2026 (18:50 IST)
Updated Date: Fri, 22 May 2026 (13:05 IST)
Giorgia Meloni net worth: भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इटली दौरे के बाद वहां की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी भी पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। उनको लेकर लोगों की जिज्ञासा भी बढ़ गई है कि उनकी संपत्ति कितनी है या फिर आय के साधन क्या हैं? लोग उनकी पारिवारिक जिंदगी के बारे में भी जानना चाहते हैं।
कितनी है पीएम मेलोनी की संपत्ति?
आधिकारिक वित्तीय घोषणाओं और सार्वजनिक दस्तावेजों के अनुसार इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की कुल सपत्ति 2 मिलियन डॉलर है, जबकि वर्ष 2022 की उनकी कुल आय 2 लाख 93 हजार 531 यूरो यानी लगभग 3 लाख 11 हजार 845 डॉलर है। राजधानी रोम में उनकी दो संपत्तियां हैं। उनके पास एक मिनी कूपर एसडी कार भी है। 2018 में मेलोनी ने अपनी पार्टी को 35 हजार यूरो दान में भी दिए थे। एलन मस्क के साथ 1.6 अरब डॉलर की स्टारलिंक डील को लेकर उनकी आलोचना भी हुई, लेकिन उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के कोई सबूत नहीं मिले।
क्या हैं आय के साधन?
मेलोनी की आय का मुख्य साधन एक सांसद के रूप में मिलने वाले वेतन और भत्ते हैं। इटली के प्रधानमंत्री के तौर पर उनका आधिकारिक मूल वेतन लगभग 99,000 यूरो (लगभग 90 लाख रुपए सालाना है। सांसद के वेतन के रूप में उन्हें करीब 10.5 लाख रुपए मिलते हैं। टैक्स कटने के बाद उनकी नेट सैलरी करीब 4.8 लाख रुपए यानी 5,346 यूरो है। इसके अलावा उन्हें सरकारी कामों, यात्रा और दैनिक खर्च के लिए अलग-अलग भत्ते भी मिलते हैं। वे एक बेस्टसेलर लेखिका भी हैं और उनकी किताब- Io sono Giorgia की बिक्री से उन्हें भारी रॉयल्टी भी मिलती है। एक अन्य जानकारी के मुताबिक किताबों की शानदार सफलता और पीएम बनने के बाद के वित्तीय दस्तावेजों के अनुसार उनकी कुल वार्षिक आय बढ़कर €459,460 (लगभग 4.1 करोड़ रुपए) तक पहुंच गई थी।
मेलोनी का परिवार
मेलोनी जब छोटी थीं तब ही उनके माता-पिता का तलाक हो गया था। उन्होंने अपनी आत्मकथा में लिखा है कि जब वे 11 साल की थीं, तब उन्होंने अपने पिता से रिश्ते तोड़ लिए थे। आरियाना उनकी की बड़ी बहन हैं। आरियाना भी राजनीति में सक्रिय हैं और मेलोनी की राजनीतिक पार्टी 'ब्रदर्स ऑफ इटली' (Brothers of Italy) में कमान संभालती हैं। उन्हें मेलोनी के सबसे करीबी सलाहकारों में गिना जाता है।
जॉर्जिया मेलोनी की एक बेटी जिनेवरा (Ginevra) है, जिसका जन्म 2016 में हुआ था। मेलोनी अक्सर सार्वजनिक मंचों पर एक मां होने के अपने गौरव को साझा करती हैं। उनके पूर्व पार्टनर एंड्रिया जियामब्रुनो (Andrea Giambruno) पेशे से एक इतालवी टीवी पत्रकार हैं। मेलोनी और एंड्रिया लगभग 10 वर्षों तक बिना शादी किए लिव-इन पार्टनर के रूप में साथ रहे।
हालांकि, अक्टूबर 2023 में एक ऑन-एयर विवाद (जियामब्रुनो की कुछ कथित विवादित टिप्पणियों के लीक होने) के बाद मेलोनी ने सार्वजनिक रूप से उनसे अलग होने की घोषणा कर दी थी। दोनों अब साथ नहीं हैं, लेकिन बेटी की परवरिश मिलकर करते हैं। मेलोनी अक्सर खुद को एक पारंपरिक ईसाई और पारिवारिक मूल्यों को मानने वाली महिला के रूप में पेश करती हैं। उनकी यह पारिवारिक पृष्ठभूमि (मैं जॉर्जिया हूं, मैं एक मां हूं, मैं एक ईसाई हूं) इटली की राजनीति में उनका एक प्रमुख नारा भी बन चुकी है।
मेलोनी से जुड़े विवाद भी कम नहीं
मेलोनी की राजनीतिक पार्टी 'ब्रदर्स ऑफ इटली' (Brothers of Italy) की जड़ें 'इतालवी सामाजिक आंदोलन' (MSI) से जुड़ी हैं, जिसे द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद तानाशाह बेनिटो मुसोलिनी के समर्थकों ने बनाया था। आलोचक उन पर मुसोलिनी की विचारधारा (Fascism) के प्रति नरम रुख रखने का आरोप लगाते हैं। हालांकि, मेलोनी ने कई बार सार्वजनिक रूप से कहा है कि फासीवाद अब इतिहास की बात है।
कुछ समय पहले मेलोनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े एक बड़े विवाद का शिकार हुईं। सोशल मीडिया पर उनकी कुछ अश्लील डीपफेक तस्वीरें और वीडियो वायरल कर दिए गए थे। तब उन्होंने कहा था- मैं तो खुद का बचाव कर सकती हूं, लेकिन आम महिलाएं ऐसे साइबर बुलिंग का शिकार होकर टूट जाती हैं। इस घटना के बाद इटली में AI के गलत इस्तेमाल को लेकर कानून कड़े किए गए।
मेलोनी सरकार ने इटली की न्यायपालिका की व्यवस्था को पूरी तरह बदलने और जजों की शक्तियों को सीमित करने के लिए एक बड़ा संवैधानिक सुधार प्रस्ताव पेश किया था। मेलोनी 'पारंपरिक ईसाई परिवार' (एक पुरुष और एक महिला) की अवधारणा की कड़ी समर्थक हैं। उनकी सरकार ने समलैंगिक जोड़ों के माता-पिता बनने के अधिकारों को सीमित कर दिया। इसके अलावा, इटली के नागरिकों के लिए विदेशों में जाकर सरोगेसी के जरिए बच्चा पैदा करने को भी एक 'वैश्विक अपराध' घोषित कर दिया गया है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें