Publish Date: Sun, 08 Feb 2026 (08:06 IST)
Updated Date: Sun, 08 Feb 2026 (08:26 IST)
शनिवार को जब भारत और अमेरिका ने अंतरिम व्यापार समझौते के ढांचे की घोषणा की, तो ट्रंप प्रशासन द्वारा साझा किए गए भारत के एक नक्शे ने सोशल मीडिया पर सबका ध्यान खींच लिया। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि के कार्यालय द्वारा जारी इस नक्शे में पूरे जम्मू-कश्मीर, जिसमें पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर भी शामिल है, को भारत के अभिन्न अंग के रूप में दिखाया गया है।
इतना ही नहीं, इस नक्शे में अक्साई चीन को भी भारतीय क्षेत्र का हिस्सा दिखाया गया है, जिस पर चीन अपना दावा ठोकता रहा है।
हालांकि, भारत की क्षेत्रीय संप्रभुता को किसी अमेरिकी मुहर की आवश्यकता नहीं है- भारत हमेशा से यह कहता रहा है कि कश्मीर उसका अटूट हिस्सा है। इसके बावजूद, अमेरिका का यह कदम उसकी पुरानी नीति से एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। चाहे यह जानबूझकर किया गया हो या अनजाने में, इसने पाकिस्तान को एक कड़ा कूटनीतिक संदेश दिया है कि अमेरिकी नेतृत्व अब भारत के नक्शे के साथ खड़ा है।
आखिर क्यों खास है अमेरिका का यह नया नक्शा?
जब भी अमेरिकी विदेश विभाग नक्शे जारी करता था तो वे पाकिस्तान की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए को अलग रंग या सीमांकन के साथ दिखाते थे। लेकिन ट्रंप प्रशासन के इस ताजा कदम ने पाकिस्तान के दावों को पूरी तरह दरकिनार कर दिया है। इस नक्शे की टाइमिंग भी बेहद महत्वपूर्ण है। भारत और अमेरिका एक उतार-चढ़ाव भरे दौर के बाद राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में अपने संबंधों को 'रीसेट' कर रहे हैं।
गौरतलब है कि व्यापारिक गतिरोध के बीच ट्रंप ने भारत पर 50% टैरिफ लगा दिया था, जो अमेरिकी सहयोगियों में सबसे अधिक था। अब नए समझौते के तहत इसे घटाकर केवल 18% कर दिया गया है- जो एशियाई देशों में सबसे कम है।
इसके अलावा, यह नक्शा लद्दाख के उत्तर-पूर्वी हिस्से में स्थित विवादित अक्साई चिन क्षेत्र को भी भारत का हिस्सा दिखाता है। भारत का विदेश मंत्रालय (MEA) अक्सर अमेरिकी विदेश विभाग और वैश्विक एजेंसियों द्वारा भारत की सीमाओं के गलत चित्रण पर आपत्ति जताता रहा है। अमेरिका का यह कदम अंततः भारत की दीर्घकालिक चिंताओं का सम्मान करता प्रतीत होता है।
सोशल मीडिया पर मची हलचल
नक्शा सामने आते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर #PoK, #AksaiChin और #IndiaUSDeal जैसे हैशटैग ट्रेंड करने लगे। कई यूजर्स ने इसे भारत के लिए बड़ी कूटनीतिक जीत बताया, जबकि कुछ ने सवाल उठाया कि क्या यह केवल प्रतीकात्मक कदम है या किसी ठोस नीति का संकेत।
नहीं आया आधिकाररिक बयान
फिलहाल भारत सरकार या अमेरिकी प्रशासन की ओर से इस मुद्दे पर कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है। जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस पर दोनों देशों की प्रतिक्रिया बेहद अहम होगी, खासकर तब जब भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर बातचीत निर्णायक दौर में मानी जा रही है। कुल मिलाकर, ट्रंप प्रशासन से जुड़े इस नए नक्शे ने न सिर्फ भारत-अमेरिका संबंधों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है, बल्कि दक्षिण एशिया की भू-राजनीति में भी नई बहस छेड़ दी है। Edited by : Sudhir Sharma