ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर तेज हो गया है। ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बागेर कलिबाफ ने अमेरिका और इजराइल को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर अमेरिका ने ईरान पर सैन्य हमला किया तो इजराइल और अमेरिकी सैन्य ठिकाने वैध निशाना होंगे। न्यूयॉर्क टाइम्स और वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप को ईरान पर सैन्य हमले के विकल्प दिए गए हैं, हालांकि अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।
ईरान की संसद में 'अमेरिका मुर्दाबाद' के नारे
इस बीच, ईरान की संसद में तनाव का माहौल देखा गया। ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बागेर कलिबाफ ने अमेरिका और इजराइल को सीधे तौर पर चेतावनी दी है। कलिबाफ ने कहा कि यदि अमेरिका ने ईरान पर हमला किया, तो अमेरिकी सेना और इजराइल 'जायज लक्ष्य' होंगे। इस दौरान ईरानी सांसद अपनी सीटों से उठकर पोडियम तक पहुंच गए और 'अमेरिका मुर्दाबाद' के नारे लगाए।
कलिबाफ ने पुलिस और रिवोल्यूशनरी गार्ड की 'बसीज' इकाई की सराहना करते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई की जाएगी और गिरफ्तार किए गए लोगों को कड़ी सजा दी जाएगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया के जरिए प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया है। ट्रंप ने कहा कि ईरान अब आजादी की ओर देख रहा है, जैसा पहले कभी नहीं देखा गया। अमेरिका मदद के लिए तैयार है! अमेरिकी विदेश विभाग ने भी कड़े लहजे में चेतावनी जारी करते हुए कहा है, 'राष्ट्रपति ट्रंप के साथ खेल न खेलें। जब वह कुछ करने की बात कहते हैं, तो उनका मतलब वही होता है। Edited by : Sudhir Sharma