Publish Date: Thu, 26 Feb 2026 (19:29 IST)
Updated Date: Thu, 26 Feb 2026 (19:32 IST)
अमेरिका के साथ बढ़ते सैन्य तनाव के बीच ईरान की राजधानी तेहरान सोमवार को भीषण जंग का अखाड़ा बन गई। मार्क्सवादी विद्रोही गुट 'मुजाहिदीन-ए-खल्क' (MEK) ने सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खमेनेई के मुख्यालय और आवास को निशाना बनाते हुए एक बड़ा हमला किया। इस खूनी संघर्ष में ईरान की एलीट 'इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स' (IRGC) ने 100 से अधिक विद्रोहियों को मार गिराने या गिरफ्तार करने का दावा किया है।
तेहरान के दिल में क्या हुआ?
MEK के लड़ाकों ने तेहरान स्थित खमेनेई के मुख्यालय के पास एक सशस्त्र अभियान चलाने की कोशिश की। लेकिन वहां तैनात IRGC की विशेष टुकड़ियों ने भारी बल प्रयोग के साथ इस हमले को नाकाम कर दिया। सबसे बड़ी झड़प तेहरान के 'मुताहरी कॉम्प्लेक्स' में हुई, जहां खमेनेई का मुख्य कार्यालय है। इन ठिकानों पर भी हमला: गार्जियन काउंसिल, इंटेलिजेंस मिनिस्ट्री, न्यायपालिका के केंद्रीय कार्यालय और खमेनेई के बेटे मोजतबा खमेनेई के आवास के बाहर भी भारी गोलीबारी और धमाकों की खबरें हैं।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि अमेरिका और इजरायल के समर्थन से MEK ने तेहरान में तख्तापलट (Coup) करने की कोशिश की है। IRGC ने इसे विदेशी खुफिया एजेंसियों के समर्थन से चलाया गया एक "जटिल ऑपरेशन" करार दिया है। राजधानी के पाश्चर स्ट्रीट और वलियासर स्क्वायर पर सोमवार सुबह धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जिसके बाद पूरे शहर में मशीनगनों से लैस सुरक्षाबलों और दंगा रोधी वाहनों को तैनात कर दिया गया है।
दावे और प्रतिदावे
एक तरफ जहां IRGC समर्थित समाचार एजेंसी 'तस्नीम' ने 100 से ज्यादा आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि की है, वहीं MEK ने दावा किया है कि उनके 150 से ज्यादा लड़ाके सुरक्षित अपने बेस पर लौट आए हैं। विद्रोही गुट का कहना है कि उन्होंने ईरानी शासन को 'भारी नुकसान' पहुंचाया है और वे जल्द ही हताहत हुए अपने साथियों के नाम मानवाधिकार संगठनों को सौंपेंगे।
कौन है मुजाहिदीन-ए-खल्क (MEK)?
यह एक शिया-मार्क्सवादी विद्रोही संगठन है। इनकी विचारधारा प्रसिद्ध ईरानी लेखक डॉ. अली शरियाती के लेखन और मार्क्सवादी क्रांतियों से प्रेरित है। इस संगठन ने 2003 तक ईरान की धार्मिक सरकार के खिलाफ सशस्त्र विद्रोह किया था। बाद में इसने खुद को एक राजनीतिक संगठन बताया। वर्तमान में यह संगठन अल्बानिया (Albania) से अपनी गतिविधियां चलाता है। Edited by : Sudhir Sharma