Publish Date: Sat, 04 Apr 2026 (12:25 IST)
Updated Date: Sat, 04 Apr 2026 (12:39 IST)
पाकिस्तान के कराची में अल्पसंख्यक हिंदुओं की आस्था पर हमला हुआ है। कराची में एक ऐतिहासिक इमारत की दीवारों पर बनी हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियां खंडित की गई हैं। इससे अल्पसंख्यकों में भारी नाराजगी है।
पाकिस्तान के पंजाब सूबे के बहावलपुर जिले के अल्पसंख्यक अधिकार संगठन के चेयरमैन शिव काछी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, 'कराची की ऐतिहासिक 'सगन मैसन' इमारत में भगवान कृष्ण और गोपियों की मूर्तियों का अपमान बेहद और कड़े शब्दों में निंदनीय है।
काछी ने कहा कि यह सिर्फ किसी इमारत को पहुंचाया गया नुकसान नहीं है, बल्कि पाकिस्तान की बहुसांस्कृतिक विरासत, धार्मिक सद्भाव और अल्पसंख्यक समुदायों की भावनाओं पर किया गया हमला है।'
उन्होंने कहा कि हम इस शर्मनाक हरकत की कड़ी निंदा करते हैं। कराची में M.A. जिन्ना रोड पर स्थित यह ऐतिहासिक इमारत 1937 में बनाई गई थी और यह हिंदू धार्मिक प्रतीकों की समृद्ध उपस्थिति को दर्शाती है। भगवान कृष्ण और गोपियों की मूर्तियों के सिर काटना न केवल धार्मिक अनादर का कृत्य है, बल्कि हमारी साझा विरासत का विनाश भी है।
उन्होंने पाकिस्तान के शीर्ष राजनेताओं को टैग करते हुए लिखा कि हम मांग करते हैं कि संबंधित अधिकारी इस मामले का तत्काल संज्ञान लें। दोषियों को बिना किसी देरी के गिरफ्तार किया जाए और उन्हें कड़ी सजा दी जाए। इस ऐतिहासिक इमारत की तत्काल बहाली और सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें