Publish Date: Sun, 24 May 2026 (08:31 IST)
Updated Date: Sun, 24 May 2026 (08:35 IST)
शनिवार शाम (अमेरिकी स्थानीय समयानुसार) व्हाइट हाउस की सुरक्षा सीमा के पास कथित तौर पर फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान मैरीलैंड निवासी 21 वर्षीय नासिरे बेस्ट के रूप में हुई है। कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बेस्ट का मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का पुराना रिकॉर्ड था और वह पहले भी अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के रडार पर आ चुका था।
बताया जा रहा है कि उसने टिकटॉक पर अमेरिकी राष्ट्रपति को धमकी दी थी। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के मुताबिक यह घटना स्थानीय समयानुसार शाम करीब 6 बजे व्हाइट हाउस चेकपॉइंट के पास हुई, जब आरोपी ने कथित तौर पर अपने बैग से हथियार निकाला और सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों की ओर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में अधिकारियों ने भी गोली चलाई, जिससे आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। गोलीबारी के दौरान एक राहगीर भी घायल हुआ। अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे, लेकिन उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
कैसे हुई पूरी घटना
गोलीबारी 17th Street और Pennsylvania Avenue NW के पास हुई, जो व्हाइट हाउस से सिर्फ एक ब्लॉक की दूरी पर है। व्हाइट हाउस में मौजूद पत्रकारों ने बताया कि उन्होंने कई गोलियों की आवाज सुनी, जिसके बाद उन्हें तुरंत प्रेस ब्रीफिंग रूम के अंदर सुरक्षित स्थान पर जाने के निर्देश दिए गए।
सीक्रेट सर्विस की नजर में था आरोपी
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि नासिरे बेस्ट पहले भी कई बार संघीय सुरक्षा एजेंसियों के संपर्क में आ चुका था, जिसके कारण वह 'सीक्रेट सर्विस के लिए परिचित चेहरा' बन गया था। फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, 26 जून 2025 को सीक्रेट सर्विस अधिकारियों ने उसे हिरासत में लिया था, जब उसने कथित तौर पर एजेंट्स को रोककर धमकियां दी थीं।
इसके बाद 10 जुलाई 2025 को प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने के आरोप में उसे फिर से हिरासत में लिया गया था। न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक बेस्ट मानसिक रूप से परेशान था और खुद को 'जीसस क्राइस्ट' मानता था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि उसने अदालत के उस आदेश का उल्लंघन किया था, जिसमें उसे व्हाइट हाउस परिसर से दूर रहने को कहा गया था।
बीएनओ न्यूज ने भी रिपोर्ट्स के हवाले से बताया कि बेस्ट ने पिछले साल भी व्हाइट हाउस में घुसने की कोशिश की थी। हालांकि अधिकारियों ने अभी तक गोलीबारी के पीछे के मकसद का सार्वजनिक खुलासा नहीं किया है और मामले की जांच जारी है। Edited by : Sudhir Sharma
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें