Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

मध्य पूर्व तनाव के बीच परमाणु ताकत बढ़ाने में जुटा उत्तर कोरिया, ईरान-इजराइल युद्ध के बीच किम का बड़ा कदम

Advertiesment
Iran Israel war
मध्य पूर्व में ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के बीच अब उत्तर कोरिया ने भी अपनी सैन्य ताकत को लेकर बड़ा संकेत दिया है। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने उच्च शक्ति वाले ठोस ईंधन इंजन के परीक्षण का निरीक्षण किया, जिसे देश की सामरिक क्षमता को मजबूत करने वाला कदम बताया जा रहा है।
सरकारी मीडिया के अनुसार, यह परीक्षण ऐसे समय में हुआ है जब वैश्विक स्तर पर युद्ध की आशंकाएं बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम उत्तर कोरिया के उन प्रयासों का हिस्सा है, जिनके तहत वह अमेरिका तक मार करने वाली मिसाइलों के अपने जखीरे को और आधुनिक बनाना चाहता है।
 
‘कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी’ (KCNA) की रिपोर्ट के मुताबिक, किम ने हाल ही में संसद में कहा था कि उत्तर कोरिया को स्थायी परमाणु शक्ति के रूप में स्थापित किया जाएगा और दक्षिण कोरिया के खिलाफ सख्त रुख जारी रहेगा। अपने भाषण में उन्होंने पश्चिम एशिया के संघर्ष का जिक्र करते हुए अमेरिका पर आक्रामकता को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया था।
 
रिपोर्ट के अनुसार, नए इंजन का ‘ग्राउंड जेट टेस्ट’ किया गया, जिसकी अधिकतम थ्रस्ट क्षमता 2,500 किलोटन बताई गई है। यह पहले के परीक्षणों की तुलना में काफी अधिक है। विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह के शक्तिशाली इंजन भविष्य में ऐसी मिसाइलों के विकास में मदद करेंगे जो एक साथ कई वारहेड ले जा सकें और अमेरिकी रक्षा प्रणाली को चकमा दे सकें।
 
हालांकि, परीक्षण कब और कहां हुआ, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि यह परीक्षण उत्तर कोरिया के पांच वर्षीय सैन्य विस्तार कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य सामरिक हमले की क्षमता को और उन्नत करना है।
 
मध्य पूर्व में जारी ईरान-इज़राइल संघर्ष के बीच उत्तर कोरिया की यह गतिविधि वैश्विक सुरक्षा चिंताओं को और बढ़ा सकती है।  Edited by : Sudhir Sharma

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

US-Iran Conflict : ईरान के साथ महायुद्ध की तैयारी? समंदर में उतरा अमेरिका का सबसे घातक युद्धपोत USS Tripoli, 3500 कमांडो तैनात