Publish Date: Mon, 16 Feb 2026 (15:10 IST)
Updated Date: Mon, 16 Feb 2026 (15:13 IST)
BLA Ultimatum Pakistan Govt: पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है। अलगाववादी संगठन बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने शहबाज शरीफ सरकार की नींद उड़ाते हुए 'सात दिन का अल्टीमेटम' जारी किया है। BLA के मीडिया विंग 'हक्काल' ने एक वीडियो संदेश जारी कर दावा किया है कि उनके कब्जे में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के कम से कम सात जवान हैं। बीएलए ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी शर्तें नहीं मानी गईं तो इन पाक सैनिकों को मार दिया जाएगा।
पाक सरकार के पास सिर्फ 6 दिन बचे
BLA ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर सरकार ने बलोच नेताओं की रिहाई और संसाधनों के दोहन को लेकर गंभीरता से बातचीत शुरू नहीं की, तो इन जवानों को मार दिया जाएगा। बयान के मुताबिक, अब सरकार के पास केवल 6 दिन का समय शेष है। यह पूरी कार्रवाई BLA के 'ऑपरेशन हेरोफ' (Operation Herof) के दूसरे चरण का हिस्सा बताई जा रही है।
बलोच हितों से कोई समझौता नहीं
दिलचस्प बात यह है कि संगठन ने 10 लोगों को रिहा भी किया है। BLA का तर्क है कि इनका संबंध स्थानीय बलोच समूहों या स्थानीय पुलिस से था। संगठन ने दो टूक कहा है कि बलोच पहचान और उनके हितों पर कोई समझौता नहीं होगा। यह तनाव 26 जनवरी को पाकिस्तानी सेना द्वारा पंजगुर और हरनाई में चलाए गए उस बड़े ऑपरेशन के बाद बढ़ा है, जिसमें सेना ने 216 आतंकियों को मारने का दावा किया था। हालांकि, उस दौरान 36 आम नागरिकों और 22 सुरक्षाकर्मियों की भी जान गई थी।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala