Publish Date: Wed, 20 May 2026 (10:17 IST)
Updated Date: Wed, 20 May 2026 (10:24 IST)
फ्रांस के एवियन-लेस-बैंस में 15 से 17 जून के बीच जी7 समिट आयोजित होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। वहीं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी जी7 नेताओं की बैठक में शामिल होंगे। ऐसे में सभी की नजरें मोदी और ट्रंप की मुलाकात पर टिक गई हैं।
जी 7 देशों में कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, इंग्लैंड और अमेरिका शामिल है। भारत इस संगठन का सदस्य नहीं है। 2026 में समिट की मेजबानी कर रहे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने फरवरी में भारत दौरे के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस सम्मेलन में आने का न्योता दिया था।
ट्रंप का समिट में आना तय है। कहा जा रहा है कि ट्रंप जी7 बैठक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वैश्विक व्यापार, अपराध नियंत्रण और चीन पर निर्भरता कम करने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाना चाहते हैं। उनका कहना है कि अमेरिकी तकनीक आधारित एआई टूल्स को दुनिया भर में बढ़ावा दिया जाए और क्रिटिकल मिनरल सप्लाई चेन में चीन की पकड़ कमजोर की जाए।
इस बीच फ्रांस के यूरोप और विदेश मामलों के मंत्री, जीन-नोएल बैरोट ने G7 विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान अपने भारतीय समकक्ष, विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर के साथ बातचीत की। दोनों मंत्रियों ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा एवियन शिखर सम्मेलन में अपनी भागीदारी की पुष्टि का स्वागत किया। साथ ही, वैश्विक अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी में भारत के योगदान की सराहना की।
कैसी है ट्रंप और मोदी की दोस्ती?
गौरतलब है कि राष्ट्रपति ट्रंप अकसर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी दोस्ती याद दिलाते हैं। पीएम मोदी भी कह चुके हैं कि राष्ट्रपति ट्रंप की भावनाओं और हमारे संबंधों के सकारात्मक आकलन की मैं गहराई से सराहना करता हूं और पूरी तरह से उनका समर्थन करता हूं। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी दावा किया था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच सच्ची दोस्ती है।
edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें