Publish Date: Thu, 19 Feb 2026 (16:51 IST)
Updated Date: Thu, 19 Feb 2026 (16:56 IST)
SpiceJet News : बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के नेता तारिक रहमान के प्रधानमंत्री पद की कमान संभालते ही बांग्लादेश (Tarique Rahman Bangladesh) ने भारतीय एयरलाइन के खिलाफ एक सख्त कदम उठाया है। बांग्लादेश नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (CAAB) ने भारतीय बजट एयरलाइन स्पाइसजेट (SpiceJet) के लिए अपना हवाई क्षेत्र (Airspace) पूरी तरह से ब्लॉक (SpiceJet Airspace Ban)कर दिया है। यह कड़ा फैसला एयरलाइन द्वारा नेविगेशन शुल्क का लंबे समय से भुगतान न करने के कारण लिया गया है।
स्पाइसजेट (SpiceJet) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बकाए का भुगतान न करने के कारण बांग्लादेश ने एयरलाइन के लिए अपना हवाई क्षेत्र (Airspace) प्रतिबंधित कर दिया है। मीडिया खबरों के मुताबिक इस प्रतिबंध के कारण कोलकाता से पूर्वोत्तर राज्यों जैसे गुवाहाटी और इंफाल जाने वाली उड़ानों को अब लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है।
एविएशन नियमों के अनुसार, जब कोई कॉमर्शियल विमान किसी देश के हवाई क्षेत्र से गुजरता है, तो उसे एक तय शुल्क (बोइंग विमान के लिए लगभग $300 प्रति उड़ान) देना होता है। तारिक रहमान के नेतृत्व वाली नई सरकार के इस त्वरित एक्शन की चर्चा अब कूटनीतिक गलियारों में भी हो रही है।
क्यों लगा प्रतिबंध?
खबरों के अनुसार, स्पाइसजेट द्वारा नेविगेशन शुल्क और अन्य संबंधित बकाये का भुगतान समय पर नहीं किया गया है। इसी के चलते बांग्लादेश नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (CAAB) ने यह कड़ा कदम उठाया है। हालांकि, बकाये की सटीक राशि का अभी खुलासा नहीं हुआ है। Edited by : Sudhir Sharma