Publish Date: Wed, 11 Mar 2026 (09:51 IST)
Updated Date: Wed, 11 Mar 2026 (10:08 IST)
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि 10 मार्च को अमेरिकी बलों ने ईरान की कई नौसैनिक नौकाओं पर हमला किया, जिनमें 16 माइन बिछाने वाली नावें शामिल थीं। कमांड ने इस कार्रवाई का एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें समुद्र में किए गए हमलों के दृश्य दिखाई देते हैं।
ट्रंप की ईरान को चेतावनी
ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य में किसी भी तरह की समुद्री माइन बिछाई हैं तो उन्हें तुरंत हटाया जाए। अगर ईरान संभावित रूप से लगाए गए विस्फोटकों को हटा देता है तो इससे क्षेत्र में तनाव कम करने की दिशा में बड़ा कदम माना जाएगा। यदि ऐसा नहीं किया गया तो अमेरिका की सैन्य प्रतिक्रिया बेहद कठोर हो सकती है।
स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में बढ़ा तनाव
बहरहाल ट्रंप की चेतावनी के बाद स्ट्रेट ऑफ हार्मुज में तनाव चरम पर पहुंचता नजर आ रहा है। हॉर्मुज जलडमरूमध्य ईरान और ओमान के बीच स्थित दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है। वैश्विक स्तर पर कारोबार होने वाले कुल तेल का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा हर दिन इसी रास्ते से गुजरता है। यही वजह है कि इस क्षेत्र में किसी भी तरह का सैन्य तनाव वैश्विक ऊर्जा बाजार और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर बड़ा असर डाल सकता है।
IRGC भी बना सकती है जहाजों को निशाना
ईरान की नौसेना और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) पहले ही चेतावनी दे चुके हैं कि इस मार्ग से गुजरने वाले जहाजों को निशाना बनाया जा सकता है। ऐसे में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव आने वाले दिनों में वैश्विक तेल आपूर्ति और समुद्री व्यापार पर बड़ा प्रभाव डाल सकता है।
edited by : Nrapendra Gupta
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
Publish Date: Wed, 11 Mar 2026 (09:51 IST)
Updated Date: Wed, 11 Mar 2026 (10:08 IST)