Publish Date: Sat, 28 Feb 2026 (13:15 IST)
Updated Date: Sat, 28 Feb 2026 (13:19 IST)
बातचीत के बीच इजरायल ने ईरान पर अटैक कर दिया है। ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों में बम धमाके हो रहे हैं। एक अमेरिकी अधिकारी के अल जजीरा को दिए गए बयान के मुताबिक ईरान पर किए गए हमले अमेरिका और इजराइल की जॉइंट सैन्य कार्रवाई का हिस्सा है।
इजरायल ने इस अटैक को ऑपरेशन शील्ड ऑफ जुदाह नाम दिया है। जिसका अर्थ होता है राष्ट्र की रक्षा करने वाली यहूदियों की ढाल। बता दें कि हाल ही में भारत के पीएम नरेंद्र मोदी इजरायल की यात्रा से लौटे हैं, इस दौरान इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि इजरायल इस तरह की सैन्य कार्रवाई को अंजाम दे सकता है
खामेनेई को सुरक्षित जगह शिफ्ट : बता दें कि इजराइल ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों पर हमला कर दिया है। बता दें कि ईरानी सुप्रीम लीडर खामेनेई के दफ्तर के पास हमला किया गया। हमले के बाद ईरानी सुप्रीम लीडर खामेनेई को सुरक्षित जगह शिफ्ट कर दिया गया है। भारतीय समय के मुताबिक शनिवार सुबह हुए इस हमले के बाद शहरों में धुएं का गुबार नजर आ रहा है।
इजराइल डिफेंस फोर्स ने ईरान पर हमले की जानकारी देते हुए इसे प्रिवेंटिव अटैक बताया है। तेहरान समेत कई शहरों में धमाके सुने गए हैं और हवाई हमलों के सायरन बज रहे हैं।
हमले के बाद ईरान ने सभी उड़ानें रोक दी हैं और एयरस्पेस पूरी तरह खाली करा लिया गया है। इधर इजराइल में भी एयर अटैक सायरन सुनाई दे रहे हैं। संवेदनशील इलाकों को खाली कराया जा रहा है। लोगों से घरों में रहने की अपील की गई है।
क्या है शील्ड ऑफ जुदाह : शील्ड ऑफ जुदाह' (Shield of Judah) का सीधा संबंध यहूदी इतिहास, धर्म और उनकी सैन्य विरासत से है। यह शब्द दो महत्वपूर्ण प्रतीकों का मेल है: जुदाह (Judah) और शील्ड (Shield)।
तेहरान में धमाके : ईरान की राजधानी तेहरान के बीच वाले इलाके में तीन जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई है। ईरानी मीडिया के अनुसार, धमाकों के बाद सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए। फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, तेहरान के रिपब्लिक इलाके में कई मिसाइलें गिरी हैं। अभी तक नुकसान या हताहतों की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
इजरायल के कई हिस्सों में सायरन बजाए गए। यह साफ नहीं हो पाया है कि ये अलर्ट हाल में हुई कथित कार्रवाई से सीधे जुड़े थे या नहीं। फिलहाल ईरान की तरफ से इजरायल की ओर कोई मिसाइल दागे जाने की खबर नहीं है। तेल अवीव और बेन गुरियन एयरपोर्ट से सभी उड़ाने रद्द कर दी गई हैं।
खामेनेई को सुरक्षित जगह भेजा गया : ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई तेहरान में नहीं हैं। एक ईरानी अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि उन्हें एक 'सुरक्षित स्थान' पर ले जाया गया है। ईरानी मीडिया के मुताबिक, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के इंटेलिजेंस विभाग को निशाना बनाया गया। साथ ही तेहरान के बीच वाले हिस्से में भी हमलों की खबर है।
लोगों को सुरक्षित जगहें पर जाने के निर्देश : इजरायली सेना ने कहा है कि पूरे देश में सायरन इसलिए बजाए गए ताकि लोग सुरक्षित जगहों के पास रहें। सेना ने टेलीग्राम पर जारी बयान में कहा कि लोगों को मिसाइल हमले की आशंका के लिए तैयार रहने को कहा गया है। एक अलग बयान में बताया गया कि देश के सभी हिस्सों में सामान्य कामकाज बंद रहेगा। स्कूल बंद रहेंगे, भीड़ जुटाने पर रोक रहेगी और जरूरी सेवाओं को छोड़कर बाकी दफ्तर बंद रहेंगे।
Edited By: Naveen R Rangiyal