गरिमा माहेश्वरी
दिवाली के लिए घर सजाना सभी को अच्छा लगता है और सजे हुए घर पर मिलने वाली शाबाशी की तो बात ही कुछ अलग होती है। हमेशा दिवाली की सजावट के लिए हम वही पुराने तरीकों का इस्तेमाल करते हैं लेकिन उन सभी पुराने तरीकों के साथ इस दिवाली अपनाइए कुछ नई तकनीकों को और अपने घर को दीजिए टेक्नॉलोजिकल लुक...फिर देखिए कि आपका घर सबसे अलग लगने के साथ-साथ कुछ खास भी दिखेगा।
होम ऑटोमेशन के बढ़ते उपयोग के चलते बाजार में कई ऐसे उपकरण उपलब्ध हैं जो न सिर्फ आपके मनोरंजन का बल्कि आपकी सुरक्षा और सहुलियतों का भी बखूबी ध्यान रखते हैं।
यह तकनीक उन लोगों के लिए बहुत सुविधाजनक है जो लोग ज्यादा समय अपने घर से बाहर रहते हैं। इसकी मदद से आप अपने घर की लाइट और सुरक्षा के लिए लगाए गए कैमरों को सुविधाजनक तरीके से संचालित कर पाते हैं।
ऑटोमेशन के लिए उपलब्ध कुछ उपकरणों के विकल्प हैं-
* कंट्रोल सिस्टम
अगर आप अपने घर की हर एक चीज़ यानी कि तापमान से लेकर सुरक्षा तक को नियंत्रित करना चाहते हैं तो बाजार में बहुत से कंट्रोल सिस्टम आपकी परेशानी के समाधान के रूप में मौजूद हैं। ये सिस्टम आराम से आपके घर में फिट हो जाते हैं। ये सक्षम होने के साथ-साथ स्टाइलिश भी होते हैं।
* ऑटोमेशन सिक्युरिटी सिस्टम
यह सिस्टम आपके घर की सुरक्षा के लिए बहुत ही अच्छा विकल्प है। इस सिस्टम में उपलब्ध कैमरों को दरवाज़े के दोनों ओर लगाया जा सकता है। यह सिस्टम, अपने अलार्म से न केवल चोरों को भगा देता है बल्कि आपको भी इसकी सूचना देता है।
इनके साथ ही ये ऑटोमेशन सिस्टम डिस्ट्रिब्यूटेड सिस्टम के रूप में भी उपलब्ध हैं।
जो ऑटोमेशन सिस्टम बड़े पैमाने पर लगाए जाते हैं उनको कम्प्यूटर द्वारा संचालित किया जाता है।
किसी भी ऑटोमेशन सिस्टम को अपनाने से पहले निम्न बातों का ध्यान जरूर रखें-
* आप कितने उपकरणों को ऑटोमेट करना चाहते हैं।
* आपको किस तरह की सुरक्षा की जरूरत है।
* आपका बजट तथा आप कितना सरल ऑटोमेशन सिस्टम चाहते हैं।
* ऐसा सिस्टम ढूँढें जिससे ज्यादा उपकरण एक साथ संचालित हो पाएँ।