Publish Date: Mon, 16 Mar 2026 (10:47 IST)
Updated Date: Mon, 16 Mar 2026 (10:59 IST)
Sinthan Top snowfall : जम्मू कश्मीर में बेमौसमी बर्फबारी ने कहर बरपाना आरंभ किया है। सुरक्षाबलों ने सिंथन टाप पर बर्फबारी के बीच फंसे 220 से अधिक यात्रियों को रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन में सुरक्षित बचा लिया।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार देर रात 220 से ज्यादा यात्रियों को उस समय बचाया गया जब सिंथन टाप पर अचानक और भारी बर्फबारी के कारण 31 वाहन फंस गए थे। ताजा बर्फ़बारी के बाद यह ऊंचाई वाला दर्रा बंद हो गया था, जिसके बाद फंसे हुए यात्रियों ने तुरंत मदद के लिए आपात संदेश भेजा।
नेशनल हाइवेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड और जम्मू कश्मीर पुलिस ने मिलकर एक संयुक्त बचाव अभियान चलाया। बचाव टीमों ने फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए कई घंटों तक मुश्किल मौसम की विपरीत परिस्थितियों में काम किया।
अधिकारियों के अनुसार, सभी 220 यात्रियों को उनके वाहनों के साथ सुरक्षित निकाल लिया गया। यह अभियान रात करीब 11:30 बजे सफलतापूर्वक पूरा हुआ, जब उन्हें कोकरनाग शहर तक पहुंचा दिया गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
अधिकारियों की यात्रियों को सलाह
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एजेंसी और पुलिस विभाग के बीच समय पर तालमेल से सभी यात्रियों को सुरक्षित बचाया जा सका। अधिकारी ने यात्रियों को सलाह दी कि ऊंचाई वाले इलाकों में यात्रा करने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जांच कर लें, और ऐसी घटनाओं से बचने के लिए जारी सलाह का सख्ती से पालन करें।
edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
सुरेश एस डुग्गर
सुरेश डुग्गर वेबदुनिया के लिए जम्मू कश्मीर से समाचार संकलन के लिए अधिकृत हैं। वे तीन दशक से ज्यादा समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं।....
और पढ़ें