Publish Date: Wed, 03 Jun 2026 (14:27 IST)
Updated Date: Wed, 03 Jun 2026 (14:36 IST)
ब्लूमबर्ग इकोनॉमिक्स की रिपोर्ट में दावा किया गया कि अमेरिका-ईरान संघर्ष से बढ़े आर्थिक दबाव के बीच भारतीय रिजर्व बैंक ने विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत करने के लिए लगभग 12 अरब डॉलर (लगभग 1.14 लाख करोड़ रुपए) मूल्य का सोना बेचा है। हालांकि रिजर्व बैंक ने इस दावे को सिरे से नकार दिया।
क्या है मामला?
ब्लूमबर्ग इकोनॉमिक्स की रिपोर्ट के मुताबिक केंद्रीय बैंक रिजर्व बैंक ने 22 मई को समाप्त हुए दो हफ्तों के भीतर लगभग 12 अरब डॉलर (करीब 1.14 लाख करोड़ रुपए) मूल्य का सोना बेचा। इसी अवधि के दौरान केंद्रीय बैंक ने 7.5 अरब डॉलर की विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां खरीदीं। रिपोर्ट के अनुसार, आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा रुपए को स्थिर करने के लिए ब्याज दरों में बढ़ोतरी और विदेशी निवेशकों से डॉलर जुटाने जैसे सभी विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।
रिजर्व बैंक ने क्या कहा?
रिजर्व बैंक ने मामले में स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के संज्ञान में मीडिया के कुछ हिस्सों में आरबीआई द्वारा सोना बेचे जाने की खबरें आई हैं। आरबीआई इस बात पर जोर देता है कि ये खबरें सही नहीं हैं।
RBI ने कहा कि सोने के फिजिकल स्टॉक का विवरण आरबीआई द्वारा अपने 'मासिक बुलेटिन' में साझा किया जाता है। बैंक ने कहा कि आज की तारीख तक सोने का भौतिक भंडार 880.52 टन पर अपरिवर्तित बना हुआ है। इसलिए, आम जनता को सलाह दी जाती है कि वे ऐसे मामलों में समय-समय पर आरबीआई द्वारा प्रकाशित आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
क्या कहती है पीआईबी फैक्ट चैक की रिपोर्ट?
पीआईबी फैक्ट चैक ने भी एक्स पर अपनी पोस्ट में ब्लूमबर्ग के सोने बेचने संबंधी दावे को गलत बताया। इसमें RBI के हवाले कहा गया कि भारत के विदेशी मुद्रा भंडार (फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व) में सोने की हिस्सेदारी सितंबर 2025 के अंत में 13.92% से बढ़कर 31 मार्च 2026 को 16.70% हो गई। 22 मई 2026 तक यह और बढ़कर 16.85% हो गई है।
गौरतलब है कि अमेरिका ईरान युद्ध और हॉमूज स्ट्रेट से तेल सप्लाय बाधित होने की वजह से डॉलर के मुकाबले रुपया काफी कमजोर हो चला है। गिरते रुपए को थामने के लिए सरकार ने कई प्रयास किए हैं। पीएम मोदी ने भी लोगों से सोना नहीं खरीदने, तेल कम खाने और पेट्रोल डीजल का संभलकर इस्तेमाल करने की सलाह दी थी।
edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें