भारत और श्रीलंका की मेजबानी में शुरु हो रहे टी-20 विश्वकप से पहले ऑस्ट्रेलिया को लगा झटका, अनुभवी तेज गेंदबाज जॉश हेजलवुड हैमस्ट्रिंग चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गये है। 35 साल के हेजलवुड ने 12 नवंबर को शेफील्ड शील्ड के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के बाद से कोई प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया की शुरुआती विश्व कप टीम में शामिल होने के बावजूद, तेज गेंदबाज सिडनी में ही रहे, जबकि बाकी टीम इस सप्ताह की शुरुआत से श्रीलंका में हैं। कोलंबो में आयरलैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के पहले ग्रुप-स्टेज मैच से सिर्फ पांच दिन पहले, राष्ट्रीय चयनकर्ता टोनी डोडमेडे ने कहा है कि हेजलवुड समय पर ठीक नहीं हो पाएंगे।
डोडमेडे ने कहा, “हमें उम्मीद थी कि जॉश सुपर एट स्टेज तक मैच फिटनेस में वापस आ जाएंगे, लेकिन उन्हें लगा कि इसमे अधिक जोखिम है। ताजा संकेत बताते हैं कि उन्हें अभी कुछ और समय लगेगा। उनकी जगह अन्य खिलाड़ी के चयन को लेकर डोडमेडे ने कहा, हमें लगता है कि हम शुरुआती मैचों के लिए टीम अच्छी तरह से तैयार हैं और बाद के कोई भी फैसले उस समय की जरूरत के हिसाब से लेंगे।”
ग्रुप चरण में नाथन हिल्स और टिम डेविड उपलब्ध हो जायेंगे जबकि एडम जम्पा पहला मैच खेलेंगे।आस्ट्रेलिया का नीदरलैंड के खिलाफ अभ्यास मैच कल रात रद्द हो गया लेकिन 11 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ पहले मैच से पूर्व टीम के पास अभ्यास के लिये काफी समय है।
ऑस्ट्रेलिया के सारे प्रारंभिक मैच कोलंबो और पाल्लेकल में होंगे।इससे पहले तेज गेंदबाज पैट कमिंस भी कमर की चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे जिनकी जगह बेन ड्वारशुइस ने ली। मिचेल स्टार्क टी20 क्रिकेट को पहले ही अलविदा कह चुके हैं।