INDvsNZ वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में भारत ने न्यूजीलैंड को एक रोमांचक मैच में 4 विकेटों से हरा दिया। भारत की ओर से विराट कोहली (93 रन) शुभमन गिल (56 रन) और श्रेयस अय्यर ने 49 रनों की उपयोगी पारी खेली। न्यूजीलैंड के सबसे सफल गेंदबाज काइल जैमिसन रहे जिन्होंने 41 रन देकर 4 विकेट लिए।
301 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने संभल कर खेलना शुरु किया लेकिन रोहित शर्मा 26 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद विराट कोहली ने पहले शुभमन गिल और फिर श्रेयस अय्यर के साथ बड़ी साझेदारी कर मैच को लगभग एकतरफा बना दिया था।
लेकिन विराट कोहली के आउट होते साथ ही मैच रोमांचक बन गया। एक समय भारत को 43 गेंदो में 53 रन चाहिए थे। लेकिन हर्षित राणा ने छूटे कैच का फायदा उठाकर तेजी से रन बनाए और अंत में केएल राहुल ने 2 चौके और विजयी छक्का लगाकर मैच जिता दिया। भारत अब 3 मैचों की एकदिवसीय सीरीज में 1-0 से आगे है।
301 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत के लिए रोहित शर्मा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने 39 रन जोड़े। नौवें ओवर में काइल जैमीसन ने रोहित शर्मा को आउट कर न्यूजीलैंड को पहली सफलता दिलाई। रोहित शर्मा ने 29 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 26 रन बनाये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 118 रन जोड़े। इस दौरान दोनों बल्लेबाजों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किये।
27वें ओवर में आदित्य अशोक ने शुभमन गिल को फिलिप्स के हाथों कैच आउट कराकर पवेलियन भेज दिया। शुभमन गिल ने 71 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 56 रनों की पारी खेली। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाला और उन्होंने विराट कोहली के साथ तीसरे विकेट के लिए 77 रन जोड़े। इसी दौरान शतक के करीब विराट कोहली जेमीसन का शिकार बन गये। विराट कोहली ने 91 गेंदों में आठ चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 93 रनों की पारी खेली।इसी ओवर में जेमीसन ने रवींद्र जड़ेजा (चार) को भी अपना शिकार बनाकर भारत को चौथा झटका दिया।
42वें ओवर में जेमीसन ने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे श्रेयस अय्यर को बोल्ड कर भारत को संकट में डाल दिया। श्रेयस अय्यर ने 24 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए 49 रन बनाये। 47वें ओवर में क्लार्क ने हर्षित राणा को विकेट के पीछे कैच आउटकर कर मैच को रोमांचक मोड़ दे दिया। हर्षित राणा ने 23 गेंदों दो चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 29 रन बनाये। केएल राहुल ने 49वें ओवर में दो चौकों के बाद ओवर की आखिरी गेंद पर विजयी छक्का लगाकर भारत का स्कोर छह विकेट पर 306 कर चार विकेट से जीत दिला दी। केएल राहुल ने 21 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 29 रन बनाये। वॉशिंगटन सुंदर सात रन बनाकर नाबाद रहे।
न्यूजीलैंड के लिए काइल जेमीसन ने चार विकेट लिये। आदित्य अशोक और क्रिस्टियन क्लार्क ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।