Publish Date: Tue, 07 Apr 2026 (18:02 IST)
Updated Date: Tue, 07 Apr 2026 (22:45 IST)
बंगलादेश सरकार ने मंगलवार को अमीनुल इस्लाम की अगुआई वाले बीसीबी बोर्ड ऑफ़ डायरेक्टर्स को भंग करने के बाद तमीम इक़बाल को नया बीसीबी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह फै़सला उस पांच सदस्यीय जांच समिति की सिफारिशों के बाद लिया गया, जिसने पिछले साल अक्तूबर में हुए बीसीबी चुनाव से जुड़े विभिन्न आरोपों की जांच की थी।
37 साल के पूर्व बंगलादेश कप्तान तमीम अब 11 सदस्यीय एड हॉक कमेटी की अगुआई करेंगे। इस कमेटी में पूर्व बांग्लादेश कप्तान मिन्हाजुल आबेदीन और पूर्व क्रिकेटर एवं टीवी कमेंटेटर अतहर अली ख़ान भी शामिल हैं। कमेटी के अन्य सदस्य राशना इमाम, मिर्ज़ा येसिर अब्बास, सैयद इब्राहिम अहमद, इसराफिल ख़सरू, तंजिल चौधरी, सलमान इस्पहानी, रफ़ीकुल इस्लाम और फहीम सिन्हा हैं।
सरकार की जांच समिति ने खेल मंत्रालय में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान अपनी सिफारिशें पेश कीं, जहां उन्होंने बीसीबी चुनाव से जुड़े अपने निष्कर्षों को विस्तार से साझा किया।
सरकार की जांच समिति ने अपनी सिफारिशें खेल मंत्रालय में आयोजित एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान पेश कीं, जहां उन्होंने बीसीबी चुनावों को लेकर अपनी जांच के निष्कर्ष विस्तार से साझा किए।
एनएससी के स्पोर्ट्स डायरेक्टर मोहम्मद अमीनुल अहेसान ने कहा, “नेशनल स्पोर्ट्स काउंसिल की ज़िम्मेदारी के तहत हमने आईसीसी को सूचित किया है कि यह बोर्ड ऑफ़ डायरेक्टर्स सही तरीके से गठित नहीं हुआ है और अपने काम को भी सही ढंग से पूरा करने में सक्षम नहीं है। हमने आईसीसी को इस बोर्ड को भंग करने के अपने फै़सले के बारे में भी जानकारी दे दी है। बंगलादेश क्रिकेट या किसी भी खेल में एनएससी की अहम भूमिका होती है और यह सरकार की ओर से काम करता है। इसलिए हमें बीसीबी को लेकर भरोसा है और हम मानते हैं कि आईसीसी इस फैसले को जरूर बरकरार रखेगा।”
अमीनुल इस्लाम ने रविवार को कहा था कि बोर्ड में चल रही उथल पुथल और पिछले साल हुए चुनावों में कथित गड़बड़ी और सत्ता के दुरुपयोग की जांच करने वाली समिति की रिपोर्ट सरकार को सौंपे जाने के बावजूद, वह बीसीबी अध्यक्ष पद पर बने रहने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस बीच, खेल मंत्रालय की ओर से दबाव लगातार बढ़ता जा रहा था। मंत्रालय ने हालिया बोर्ड चुनाव की वैधता, बंगलादेश की हाल ही में हुए टी20 विश्व कप से गैरमौजूदगी और बीसीबी के भीतर राजनीतिक दखल और पक्षपात के आरोपों पर सवाल उठाए थे।
पिछले सप्ताह बोर्ड के चार डायरेक्टरों ने भी इस्तीफा दे दिया था। इस साल जनवरी से अब तक इस्तीफा देने वालों की कुल संख्या छह हो चुकी है।
जुलाई 2023 में तमीम ने आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2023 की शुरुआत से कुछ महीने पहले अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू एकदिवसीय श्रृंखला के दौरान क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। हालांकि, बांग्लादेश की प्रधान मंत्री शेख हसीना के हस्तक्षेप के बाद उन्होंने अपना फैसला पलट दिया था।
बांग्लादेश के बड़े खिलाड़ियों में शुमार
तमीम ने फरवरी 2007 में वनडे डेब्यू के साथ एक किशोर के रूप में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की। उन्होंने उस साल वेस्टइंडीज में आयोजित विश्व कप में भारत के खिलाफ बांग्लादेश की यादगार जीत में मैच जिताऊ अर्धशतक भी जड़ा। वह अपने देश के लिये सर्वाधिक एकदिवसीय रन (8313) और शतक (14) बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
इकबाल ने अपने 16 वर्ष के क्रिकेट करियर में 70 टेस्ट में 5,134 रन बनाये जिसमें 10 शतक और एक दोहरा शतक शामिल है।
वनडे क्रिकेट में शीर्ष क्रम के बल्लेबाज के तौर पर उनकी काबिलियत शानदार रही जिसमें उन्होंने 241 मैचों में 8,313 रन बनाये है जिसमें 14 शतक जड़े थे जो बांग्लादेश के लिए किसी खिलाड़ी के सबसे ज्यादा सैकड़े भी हैं। वह मौजूदा क्रिकेटरों में तीसरे सर्वाधिक रन जुटाने वाले खिलाड़ी भी हैं जिसमें वह विराट कोहली और रोहित शर्मा के बाद शामिल हैं।
इकबाल ने अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण 2007 में किया था और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 15,000 रन बनाये जिसमें 25 शतक और 94 अर्धशतक शामिल हैं।
WD Sports Desk
Publish Date: Tue, 07 Apr 2026 (18:02 IST)
Updated Date: Tue, 07 Apr 2026 (22:45 IST)