कप्तान वैभव सूर्यवंशी के तूफानी शतक के बाद किशन कुमार सिंह की गेंदबाजी के बदौलत भारत ने दक्षिण अफ्रीका की अंडर 19 टीम को तीसरे एकदिवसीय मैच में 233 रनों से हराकर 3-0 से सीरीज अपने नाम कर ली। कप्तान वैभव सूर्यवंशी मैन ऑफ द मैच और सीरीज रहे। भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 160 रनों पर समेट दिया।
394 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे 35 ओवर में 160 के स्कोर पर सिमट गई। दक्षिण अफ्रीका शुरुआत बेहद खराब रही और उसने मात्र 15 रन के स्कोर पर अपने चार विकेट गंवा दिये थे। इन चार में तीन बल्लेबाजों को किशन सिंह ने आउट किया। ऐसे संकट के समय डेनियल बोसमैन और जेसन राउल्स की जोड़ी ने पारी को संभालने का प्रयास किया।
11वें ओवर में उद्धव मोहन ने जेसन राउल्स (19) को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। डेनियल बोसमैन (40), पॉल जेम्स (41), कॉर्न बोथा (36) ने पारी को संभालने का प्रयास किया लेकिन भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे वो भी अधिक देर तक नहीं टिक सके। 35वेंओवर की आखिरी गेंद पर वैभव सूर्यवंशी ने एन सोनी (छह) को बोल्ड कर 160 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका की पारी का अंत कर दिया। दक्षिण अफ्रीका के सात बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।
भारतीय टीम की ओर से किशन सिंह ने तीन विकेट लिये। मोहम्मद एनन को दो विकेट मिले। वैभव सूर्यवंशी, उद्धव मोहन, कनिष्क चौहान, अमब्रिश और हेलिन पटेल ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले वैभव सूर्यवंशी (127) और एरोन जॉर्ज (118) शानदार शतकीय पारियों और उनके बीच 227 रनों की ओपनिंग साझेदारी के दम पर भारतीय अंडर-19टीम ने बुधवार को तीसरे यूथ वनडे में दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 394 रनों का लक्ष्य दिया।क्षिण अफ्रीका की अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी वैभव सूर्यवंशी और एरोन जॉर्ज की भारतीय सलामी जोड़ी ने विस्फोटक शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 227 रन जोड़े।
इस दौरान वैभव सूर्यवंशी ने 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वैभव ने सातवां ओवर कर रहे माइकल क्रुइस्काम्प की पहली चार गेंदों पर दो चौके और दो छक्के लगाये और इसके बाद एक रन लेकर इस ओवर में कुल 21 रन जोड़े। वैभव ने 63 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने अपने शतक को पूरा करने के लिए आठ छक्के और छह चौके लगाये। 27वें ओवर में एन सोनी ने वैभव सूर्यवंशी को आउट किया। वैभव सूर्यवंशी ने 74 गेंदों में 10 छक्के और नौ चौके लगाते हुए 127 रनों की पारी खेली।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आये वेदांत त्रिवेदी ने एरोन जॉर्ज के साथ तेजी से रन बनाने का सिलसिला जारी रखा। इसी दौरान एरोन ने अपना शतक पूरा किया। 35वें ओवर में माइकल क्रुइस्काम्प ने वेदांत त्रिवेदी (34) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद भारतीय बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजी आक्रमण के आगे खुल कर नहीं खेल सके और विकेट गंवाते रहे।
हरवंश पंगालिया (दो) रनआउट हुये। अभिज्ञान कुंडु (21), कनिष्क चौहान (10) और अमब्रिश आठ रन बनाकर पवेलियन लौट गये, लेकिन मोहम्मद एनान (नाबाद 28) और हेनिल पटेल (नाबाद 19) ने अंतिम ओवरों में तेजी से रन बटोरते हुए भारत को निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट पर 393 रनों का विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए एन सोनी ने तीन विकेट लिये। जेसन राउल्स को दो विकेट मिले। माइकल क्रुइस्काम्प ने एक बल्लेबाज को आउट किया।