Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

मुंबई की लोकसभा सीटों का परिचय

हमें फॉलो करें मुंबई की लोकसभा सीटों का परिचय
मुंबई में छह लोकसभा सीटें हैं :

मुंबई उत्तर : प्रमुख प्रतिद्वंद्वी : गोपाल शेट्टी (भाजपा), उर्मिला मातोंडकर (कांग्रेस)

मुंबई उत्तर-पश्चिम : प्रमुख प्रतिद्वंद्वी : गजानन कीर्तिकर (शिवसेना), संजय निरुपम (कांग्रेस)

मुंबई उत्तर-पूर्व : प्रमुख प्रतिद्वंद्वी : संजय पाटिल (एनसीपी), मनोज कोटक (भाजपा)

मुंबई उत्तर-मध्य : प्रमुख प्रतिद्वंद्वी : पूनम महाजन (भाजपा), प्रिया दत्त (कांग्रेस)

मुंबई दक्षिण-सेंट्रल : प्रमुख प्रतिद्वंद्वी : राहुल शेवाले (शिवसेना), एकनाथ गायकवाड (कांग्रेस)

मुंबई दक्षिण : प्रमुख प्रतिद्वंद्वी : अरविंद सावंत (शिवसेना), मिलिंद देवड़ा (कांग्रेस)

भाजपा ने मुंबई उत्तर लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद गोपाल शेट्टी पर विश्वास जताया है, जबकि कांग्रेस ने हाल ही में पार्टी में शामिल हुई बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, मुंबई उत्तर-पश्चिम लोकसभा सीट पर शिवसेना और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। शिवसेना की तरफ से मौजूदा सांसद गजानन कीर्तिकर मैदान में हैं, जबकि कांग्रेस ने संजय निरुपम को टिकट दिया है।

मुंबई उत्तर-पश्चिम लोकसभा सीट पर एनसीपी और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला है। एनसीपी ने संजय पाटिल को मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा ने मौजूदा सांसद किरीट सौमेया के बदले मनोज कोटक पर दांव लगाया है। वहीं, मुंबई उत्तर-मध्य लोकसभा सीट पर भाजपा की मौजूदा सांसद पूनम महाजन और कांग्रेस की प्रिया दत्त आमने-सामने हैं।

शिवसेना ने मुंबई दक्षिण-सेंट्रल लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद राहुल शेवाले को फिर से मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने एकनाथ गायकवाड को टिकट दिया है। वहीं, मुंबई दक्षिण लोकसभा सीट पर देखना दिलचस्प होगा कि क्या कांग्रेस के मिलिंद देवड़ा, शिवसेना के अरविंद सावंत से पिछली बार की हार का बदला ले पाएंगे।
 
परिचय : भारत के पश्चिमी तट पर स्थित मुंबई देश का सबसे आधुनिक शहर माना जाता है। अर्थव्यवस्था की दृष्टि से यह देश का सबसे महंगा शहर भी है, साथ ही देश की आर्थिक राजधानी के रूप में भी जाना जाता है।
 
यह देश का सर्वाधिक आबादी वाला शहर है। पहले इसे बंबई नाम से पुकारा जाता था। यह शहर छह लोकसभा क्षेत्रों मुंबई उत्तर, मुंबई उत्तर पश्चिम, मुंबई उत्तर पूर्व, मुंबई उत्तर मध्य, मुंबई दक्षिण और मुंबई दक्षिण मध्य में बंटा हुआ है। 
 
जनसंख्‍या : जनगणना 2011 के अनुसार मुंबई की कुल जनसंख्‍या 1 करोड़ 84 लाख है। हालांकि एक अनुमान के मुताबिक यहां की जनसंख्या 3 करोड़ से ज्‍यादा है।
 
अर्थव्यवस्था : यह विश्व के सर्वोच्च 10 वाणिज्यिक केन्द्रों में से एक है। देश के अधिकांश बैंक एवं सौदागरी कार्यालयों के प्रमुख कार्यालय एवं कई महत्वपूर्ण आर्थिक संस्थान के मुख्यालय तथा बहुराष्ट्रीय कंपनियां यहां अवस्थित हैं। देश का हिन्दी सिनेमा एवं दूरदर्शन उद्योग यहां बॉलीवुड नाम से प्रसिद्ध है। मीडिया उद्योग भी यहां का एक बड़ा नियोक्ता है। मराठी दूरदर्शन एवं मराठी फिल्म उद्योग भी यहीं स्थित है। मुंबई पत्तन देश के लगभग आधे समुद्री माल की आवाजाही करता है।
 
भौगोलिक स्थिति : यह शहर भारत के पश्चिमी तट पर कोंकण तटीय क्षेत्र में उल्हास नदी के मुहाने पर स्थित है। यह महानगर मुंबई शहर, मुंबई उपनगर जिलों एवं नवीं मुंबई तथा ठाणे शहरों को मिलकर बना है। इसका गठन लावा निर्मित 7 छोटे-छोटे द्वीपों द्वारा हुआ है। मुंबई बंदरगाह देश का सर्वश्रेष्ठ सामुद्रिक बंदरगाह है। इसे भारत का प्रवेशद्वार भी कहा जाता है।
 
मतदाताओं की संख्‍या : दक्षिण मुंबई में कुल मतदाता 14 लाख 85 हजार 846 हैं, जिसमें 8 लाख 28 हजार 964 पुरुष और 6 लाख 56 हजार 882 महिलाएं हैं। उत्तर-पश्चिम में कुल मतदाता 17 लाख 75 हजार 428 हैं जिसमें 9 लाख 86 हजार 908 पुरुष और 7 लाख 88 हजार 520 महिलाएं हैं।
 
दक्षिण-मध्य लोकसभा सीट पर कुल मतदाता 14 लाख 47 हजार 885 हैं, जिसमें 7 लाख 93 हजार 801 पुरुष और 6 लाख 54 हजार 84 महिलाएं हैं। उत्तर-पूर्व मुंबई में कुल मतदाता 16 लाख 68 हजार 357 हैं, 9 लाख 23 हजार 16 पुरुष और 7 लाख 45 हजार 341 महिलाएं हैं।
 
उत्तर-मध्य में कुल मतदाता 17 लाख 38 हजार 894 हैं, जिसमें 9 लाख 67 हजार 474 पुरुष और 7 लाख 71 हजार 420 महिलाएं हैं। उत्तर मुंबई में कुल मतदाता 17 लाख 83 हजार 870 हैं, जिसमें 9 लाख 72 हजार 645 पुरुष और 8 लाख 11 हजार 225 महिलाएं हैं। 
 
16वीं लोकसभा में स्थिति : दक्षिण मुंबई से अरविंद सावंत, उत्‍तर-पश्चिम से गजानन कीर्तिकर, दक्षिण-मध्य से राहुल शेवाले यहां शिवसेना के सांसद हैं और उत्तर-पूर्व से किरीट सोमैया, उत्तर-मध्य से पूनम महाजन राव एवं उत्तर से गोपाल शेट्टी भाजपा के सांसद हैं।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

भारत को भरोसा, मसूद अजहर पर प्रतिबंध जरूर लगेगा