Publish Date: Fri, 15 May 2026 (18:26 IST)
Updated Date: Fri, 15 May 2026 (18:38 IST)
मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ द्वारा भोजशाला को वाग्देवी की मंदिर बताने के ऐतिहासिक फैसले के बाद धार में भोजशाला के बाहर हिंदू संगठनों ने जमकर जश्न मनाया। हाईकोर्ट के फैसले के बाद बड़ी संख्या में हिंदू संगठन, भोजशाला मुक्ति यज्ञ समिति के कार्यकर्ता और स्थानीय श्रद्धालु भोजशाला के बाहर एकत्र हो गए। समर्थकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली खेली, मिठाइयां बांटी और जय श्रीराम तथा मां वाग्देवी के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
हाईकोर्ट के फैसले के बाद भोजशाला मुक्ति यज्ञ समिति के संयोजक गोपाल शर्मा ने कहा कि 720 साल बाद आज हाईकोर्ट ने जो ऐतिहासिक फैसला दिया है, वह हिंदू सनातन संस्कृति की विजय है। आज का फैसला इतने लोगों की शहादत और समर्पण की यह जीत है। उन्होंने कहा कि 1305 ईसवीं से हिंदू समाज लगातार इसके लिए संघर्ष कर रहा था और आज कोर्ट का उस पर निर्णय हुआ है।
भोजशाला मुक्ति यज्ञ के संयोयक गोपाल शर्मा ने कहा कि कोर्ट ने अपने निर्णय में नमाज को पूर्ण रूप बंद करने, लंदन से मां वाग्देवी की प्रतिमा लगाकर भोजशाला में स्थापित करने और भोजशाला का पूरे क्षेत्र को हिंदू मंदिर बताया है। उन्होंने कहा कि अभी हमने पूर्ण विजय प्राप्त नहीं की है, पूर्ण विजय तब प्राप्त होगी जब राजा भोज के काल में इस् स्थान का जो स्वरूप था, वह स्वरूप प्राप्त होगा और इसके लिए हिंदू समाज लगातार प्रयास करेंगे।
इसके साथ ही भोजशाला मुक्ति यज्ञ समिति के संयोजक गोपाल शर्मा का कहना है कि भोजशाला को किसी सर्वे की आवश्यकता नहीं थी, भोजशाल का एक-एक पत्थर बोल रहा था कि यह हिंदू मंदिर है। अब तो उत्तर, दक्षिण, पश्चिम का सर्वे हुआ था, जिसके आधार पर यह निर्णय हुआ है। पूर्व का सर्वे बाकी है।
उन्होंने कहा कि कमाल मौलाा की मजार अहमदाबाद में है यहां जो हनुमान जी और शंकर जी के मंदिर पर अवैध मजार बनी है,शासन उसकी व्यवस्था भी ठीक से करे, क्यों सरस्वती पुत्र हनुमान बाहर बैठे है। सभी चीजें हिंदू समाज को स्वतंत्र रूप से मिले और कोई भी चुभने वाली चीज हिंदू समाज को नहीं दिखे। हिंदू समाज अपने पूर्वजों को याद करके इस दिशा में सतत कदम चलाना रहेगा और उस स्थान को प्राप्त करेगा।
About Writer
भोपाल ब्यूरो
वेबदुनिया भोपाल ब्यूरो मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों के प्रकाशन का प्रमुख केंद्र है। भोपाल ब्यूरो से प्रदेश की सियासत, अपराध, व्यापार, खेल, धर्म-संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरें सटीकता और निष्पक्षता के साथ प्रकाशित की जाती हैं।....
और पढ़ें