Publish Date: Thu, 26 Feb 2026 (23:24 IST)
Updated Date: Thu, 26 Feb 2026 (23:26 IST)
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जिले के गढ़ाकोटा में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत 32 लाख से अधिक हितग्राहियों के खातों में ₹196.72 करोड़ की राशि का अंतरण कर सांदीपनि विद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण किया। साथ ही सांस्कृतिक रहस मेले का शुभारंभ भी किया।
रहस मेले के 217 साल पुराने गौरवशाली इतिहास
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सागर जिले के रहली क्षेत्र में कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन देते हुए फूड पार्क स्थापित किया जाएगा। इससे क्षेत्र के स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। बुंदेलखंड की धरती आल्हा-ऊदल जैसे वीरों की धरती है। सागर जिले का रहस मेला ऐतिहासिक है।
पशुपालन और दूध उत्पादन बढ़ाने को प्राथमिकता
यादव ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष में कृषि आधारित व्यापार गतिविधियां बढ़ाने के लिए प्रयास जारी हैं, जिससे किसानों के जीवन में समृद्धि आएगी। राज्य सरकार पशुपालन और दूध उत्पादन बढ़ाने को प्राथमिकता दे रही है। बजट 2026-27 में नई यशोदा योजना की शुरुआत की गई है। अब हमारे स्कूलों में 8वीं तक के विद्यार्थियों को ट्रेटा पैक दूध नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। प्रदेश की बहनों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। लाड़ली बहनों को हर माह 1500 रुपए की राशि मिल रही है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार लघु एवं कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए संकल्पित है।
रहली विधासभा क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रहली विधासभा क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती देते हुए खेजरा-शाहपुर-मोकलपुर फ्लाईओवर के निर्माण की स्वीकृति दी। उन्होंने रहली एवं गढ़ाकोटा कृषि उपज मंडी के उन्नयन के लिए 5-5 करोड़ रुपए एवं शाहपुर उपमंडी के विकास हेतु एक करोड़ रुपए की स्वीकृति दी जिससे स्थानीय किसानों को अपनी उपज का सही दाम और आधुनिक सुविधाएं मिल सकें इसके साथ ही उन्होंने रहली रमखरिया, सिमरिया नायक बहेरिया मढ़ि (लगभग 22 किलोमीटर) मार्ग के उन्नयन और चौड़ीकरण की भी घोषणा की।उन्होंने कहा कि रहली क्षेत्र के विद्यार्थियों को भव्य सांदीपनि विद्यालय की सौगात मिली है। अब बच्चों को गणवेश, किताबें, साइकिलें नि:शुल्क वितरित की जा रही हैं। स्कूल टॉपर को स्कूटी दी जाती है। प्रदेश के सांदीपनि विद्यालय प्राइवेट स्कूलों को पीछे छोड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा की गई प्रमुख घोषणाएं
गढ़ाकोटा और रहली में मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बनेगा।
महाविद्यालय में वाणिज्य और इतिहास के नए संकाय की कक्षाएं शुरू होंगी।
क्षेत्र में नया फ्लाई-ओवर और सड़कों का उन्नयन किया जाएगा।
गढ़ाकोटा और रहली कृषि उपज मंडी में विकास कार्यों के लिए 5-5 करोड़ की राशि मिलेगी।
शाहपुरा कृषि उपज मंडी के विकास कार्यों के लिए भी एक करोड़ रुपए दिए जाएंगे।
सोनार नदी के माध्यम से सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।