Publish Date: Fri, 27 Feb 2026 (13:52 IST)
Updated Date: Fri, 27 Feb 2026 (13:58 IST)
श्योपुर से कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल ने शुक्रवार को विधानसभा में अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। महाशिवरात्रि पर हर्ष फायरिंग के मामले में FIR होने पर कांग्रेस विधायक ने शुक्रवार को विधानसभा परिसर मे शीर्षासन कर अपना विरोध दर्ज कराया। बाबू जंडेल ने अपने खिलाफ हर्ष फायरिंग की FIR को राजनीति से प्रेरित और झूठा बताते हुए सदन के बाहर गांधी प्रतिमा के सामने भी बिना नारेबाजी करते हुए शीर्षासन मुद्रा में प्रदर्शन किया।
विधानसभा परिसर में शीर्षासन करते हुए कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल का कहना था कि उनके खिलाफ जानबूझकर झूठी एफआईआर दर्ज कराई गई है। सरकार कांग्रेस विधायकों को डराने की कोशिश कर रही है।कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल का आरोप है कि श्योपुर में शिव बारात के दौरान हुई हर्ष फायरिंग के मामले में उनके खिलाफ राजनीतिक दबाव में कार्रवाई की गई है। उनका आरोप है कि सरकार विपक्षी विधायकों को डराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले भी उनके खिलाफ कई FIR की गई है लेकिन वह सभी मामलों में को्र्ट से बरी हुए है। कांग्रेस विधायक ने कहा कि हम महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलते हैं और अगर FIR निरस्त नहीं की गई तो वह आगे भी गांधी वादी तरीके से आंदोलन करेंगे।
गौरतलब है कि श्योपुर से कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल का शिव बारात के दौरान हर्ष फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था और इस मामले में बाबू जंडेल पर एफआईआर दर्ज की गई। विधायक का आरोप है कि यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की गई है और उन्हें निशाना बनाने के लिए की गई है।