इंदौर में जहरीले पानी को लेकर बड़ी कार्रवाई की गई है। इंदौर नगर निगम के अपर आयुक्त को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने एक्स पर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा है कि आज सुबह मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों के साथ इंदौर के दूषित पेयजल प्रकरण में राज्य शासन द्वारा की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर मुख्य सचिव (नगरीय प्रशासन एवं विकास) द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट पर भी चर्चा की।
इंदौर नगर निगम आयुक्त और अपर आयुक्त को इस संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी करने, अपर आयुक्त को तत्काल इंदौर से हटाने और प्रभारी अधीक्षण यंत्री से जल वितरण कार्य विभाग का प्रभार वापस लेने के निर्देश दिए। इंदौर नगर निगम में आवश्यक पदों पर तत्काल प्रभाव से पूर्ति करने के निर्देश भी दिए।
मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने इस मामले में सुनवाई करते हुए सरकार को कड़ी फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि अब स्वच्छ पानी भी लोगों को नहीं मिल सकता। अदालत ने नगर निगम को नोटिस जारी करते हुए सभी प्रभावित लोगों का मुफ्त इलाज कराने का निर्देश दिया। Edited by : Sudhir Sharma