वल्लभ भवन-विंध्याचल एवं सतपुड़ा में अधिकारियों-कर्मचारियों के आने-जाने के समय की CM डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर मॉनिटरिंग
सुबह 10 से शाम 6 बजे तक ऑफिस में न मिलने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
Publish Date: Thu, 26 Feb 2026 (14:04 IST)
Updated Date: Thu, 26 Feb 2026 (14:18 IST)
प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी दफ्तर वल्लभ भवन (मंत्रालय) में अधिकारियों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति को लेकर सीएम मोहन यादव ने सख्त निर्देश दिए है। मुख्यमंत्री ने भोपाल स्थित वल्लभ भवन के साथ विंध्यालय और सतपुड़ा भवन में में अधिकारियों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने टीम बनाकर सभी स्थानों पर तैनात की है।
मुख्यमंत्री ने साफ किया है कि सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की अनिवार्य रूप से कार्यालय में मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी। इसके तहत वल्लभ भवन, विंध्याचल, सतपुड़ा भवन तथा अन्य सरकारी कार्यालयों में उपस्थिति, आने-जाने के समय और अनधिकृत अनुपस्थिति की जानकारी ली जाएगी। गौरतलब है कि, सामान्य प्रशासन विभाग ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर विशेष टीमें गठित कर विभिन्न कार्यालयों में तैनात कर दी हैं। इन टीमों का उद्देश्य सरकारी कार्यों में देरी रोकना और जनता से जुड़े मामलों में तत्परता सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनकल्याणकारी योजनाओं और आम जनता से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय पर काम करना अब अनिवार्य है, अन्यथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। सरकार का कहना है कि जनता की सुविधा और पारदर्शी प्रशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी शासकीय अधिकारी-कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और समयबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें।