Publish Date: Thu, 21 May 2026 (12:10 IST)
Updated Date: Thu, 21 May 2026 (12:22 IST)
भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा सुसाइड मामले में ट्विशा की सास और पूर्व जज गिरिबाला सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मध्य प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने भोपाल-2 जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग की अध्यक्ष गिरिबाला सिंह के खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने राज्य आयोग के रजिस्ट्रार को पत्र लिखकर जांच कर रिपोर्ट सौंपने को कहा है। इसके बाद गिरिबाला सिंह को पद से हटाए जाने की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।
वहीं गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कराने को लेकर ट्विशा का परिवार अब हाईकोर्ट का रुख करेगा। इसके साथ ट्विशा के दोबारा पोस्टमार्टम की मांग को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर करेगा। इससे पहले बुधवार को भोपाल कोर्ट ने ट्विशा के परिवार की उस याचिका को खारिज कर दिया था जिसमें ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम करने की मांग की गई थी। इसके साथ ही कोर्ट ने समर्थ सिंह 23 मई तक पेश होने का आदेश दिया है।
इसके साथ ट्विशा के परिवार ने कुछ फोन नंबर जारी किए है जिसमें ट्विशा के मौत के बाद गिरिबाला सिंह के द्वारा कई प्रभावशाली लोगों से बात की कॉल डिटेल है। इसके साथ ही गिरिबाला सिंह के घर में सीसीटीवी लगाने वालों से क़ॉल की भी डिटेल है। गौरतलब है कि ट्विशा का परिवार शुरु से आरोप लगा रहा है कि गिरिबाला सिंह अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर जांच को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है।
इधर भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का पाया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 30 हजार का इनाम घोषित किया गया है। वहीं पुलिस ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह के खिलाफ पहले ही लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है। मामला सामने आने के बाद से समर्थ सिंह फरार बताया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर के अनुसार SIT लगातार मामले की जांच में जुटी हुई है और विभिन्न पहलुओं पर सबूत एकत्र किए जा रहे हैं।
वहीं ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मामले को लेकर अब CBI जांच की तैयारी है। बुधवार ट्विशा के परिजनों ने मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। इस दौरान सीएम डॉ. मोहन यादव ने ट्विशा के परिजनों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस प्रकरण में परिवार की पूरी सहायता करेगी। इस मामले में जांच के लिए सीबीआई को भी पत्र लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मृतका के दोबारा पोस्टमॉर्टम के संबंध में न्यायालय निर्णय करेगा, लेकिन परिजन यदि चाहते हैं तो ट्विशा के पार्थिव शरीर को दिल्ली एम्स ले जाने के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
About Writer
भोपाल ब्यूरो
वेबदुनिया भोपाल ब्यूरो मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों के प्रकाशन का प्रमुख केंद्र है। भोपाल ब्यूरो से प्रदेश की सियासत, अपराध, व्यापार, खेल, धर्म-संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरें सटीकता और निष्पक्षता के साथ प्रकाशित की जाती हैं।....
और पढ़ें