Publish Date: Mon, 06 Apr 2026 (18:56 IST)
Updated Date: Mon, 06 Apr 2026 (19:00 IST)
भोपाल। राजधानी भोपाल में चोरों और अपराधियों के हौंसले कितना बुलंद है. इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि चोरों ने सरकार के मंत्री को ही अपना निशाना बना डाला। राजधानी भोपाल के अति-सुरक्षित 74 बंगला क्षेत्र लिंक रोड नंबर 1 में खेल और युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी आवास पर हुई चोरी की घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अज्ञात चोरों ने बंगले के परिसर में स्थित स्टोर रूम का ताला तोड़कर वहां रखे कीमती मोमेंटो, शील्ड, मेडल और ट्रॉफियां चुरा लीं।
बताया जा रहा है कि चोरी की यह वारदात 2 और 3 अप्रैल, 2026 की दरमियानी रात को हुई, लेकिन इसका पता 6 अप्रैल की सुबह तब चला जब कर्मचारियों ने स्टोर रूम का ताला टूटा हुआ देखा। हाई-सिक्योरिटी वीआईपी क्षेत्र में हुई इस सेंधमारी ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। टीटी नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के इलाकों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। हलांकि बंग्ले में स्टोर रूम जहां था वहां पर कोई CCTV कैमरा नहीं लगा था।
हैरानी की बात यह है कि यह बंगला एक हाई-सिक्योरिटी वीआईपी ज़ोन में आता है। मंत्री विश्वास सारंग का बंग्ला लिंक रोड-1 पर स्थित है। उनके बंगले के पास ही केंद्रीय मंत्री औऱ पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का बंगला है।