Publish Date: Sat, 16 May 2026 (14:44 IST)
Updated Date: Sat, 16 May 2026 (14:50 IST)
शाजापुर जिले में बेहद दर्दनाक हादसा हुआ है। इस हादसे में एक 4 साल के मासूम की बेहद दर्दनाक मौत हो गई। बच्चा बस में जिंदा जल गया। घटना शाजापुर जिले से गुजरने वाले आगरा- मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर मक्सी के पास की है। यहां स्थित एक होटल के बाहर खड़ी यात्री बस में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात अचानक आग लग गई।
हादसे के समय लगभग सभी यात्री होटल में चाय- नाश्ता करने उतरे हुए थे और कुछ बस में भी सवार थे। आग लगते ही बस में सवार अन्य यात्री भी आनन फानन में नीचे उतर गए, लेकिन 4 वर्षीय बच्चा बस में फंसा रह गया। आग पर काबू पाने के बाद बच्चे को ढूंढा तो बस के अंदर उसका कंकाल मिला। बच्चे का जला हुआ कंकाल मिलने से मौके पर मौजूद बस यात्रियों समेत लोगों में सनसनी फैल गई। फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
बताया जा रहा है कि, बस में आग इतनी तेजी से फैली कि, कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग की चपेट में आ गई और देखते ही देखते पूरी बस जलकर खाक हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही शाजापुर, मक्सी और तराना से फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और मामले की पड़ताल शुरू की। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। हादसे के चलते घटना स्थल पर लोगों की भारी भीड़ लग गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के पीछे लापरवाही और नियम कायदों की अनदेखी भी बड़ा कारण मानी जा रही है। पहली चीज तो ये कि संबंधित बस में आपातकालीन द्वार तक नहीं था। इसके अलावा बस में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का सामान भरा हुआ था, जिसने इतनी तेजी से आग पकड़ी कि आग की चपेट में आए मासूम बच्चे को बचाने का किसी को भी मौका तक नहीं मिला। आखिरकार उसके घर वालों का बच्चे का शव तक नही मिल सका। आग पर काबू पाए जाने के बाद बस के अंदर से बच्चे का सिर्फ कंकाल बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पहुंचा दिया है। फिलहाल, आज पोस्टमार्टम के बाद उसे परिजन के सुपुर्द किया जाएगा।
Edited By: Naveen R Rangiyal
About Writer
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें