इन दिनों लोग जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद ले रहे हैं, वहीं, कुछ लोग इसका जमकर दुरपयोग कर रहे हैं। हाल ही में भारत आए स्टार फुटबॉलर मैसी के साथ एआई की मदद से लोगों ने फर्जी तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया में डाल दी थी। जबकि मैसी से वे कभी मिले ही नहीं।
अब एक शख्स ने उज्जैन श्री महाकालेश्वर में बाबा महाकाल के गर्भगृह में खुद को दिखाते हुए एआई की मदद से फोटो बना ली। यह आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फोटो सामने आने के बाद आम लोगों में और मंदिर के पुजारियों में इसे लेकर जमकर नाराजी है।
क्या है पूरा मामला : प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए फर्जी एआई फोटो को बाद अब हंगामा मच गया है। युवक ने एआई तकनीक की मदद से अपने आपको महाकाल मंदिर के गर्भगृह में खडा दिखाया। सोशल मीडिया पर वायरल दो तस्वीरों में युवक कभी शिवलिंग के पास बैठा दिखाई दे रहा है, तो कभी शिवलिंग के पास पाटे पर बैठा हुआ दिख रहा है, जहां बैठने का अधिकार सिर्फ महाकाल मंदिर के मुख्य पुजारियों को होता है। सोशल मीडिया पर ये तस्वीरें सामने आते ही मंदिर से जुड़े पुजारियों मे नाराज़गी जताई है।
आरोपी के खिलाफ हो एफआईआर : महाकाल मंदिर के पुजारी पं महेश पुजारी ने इस कृत्य पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि इस प्रकार के फर्जी फोटो लोगों को भ्रमित कर सकते हैं और देश-दुनिया में देखने वाले लोग युवक को पुजारी समझ बैठेंगे। उन्होंने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला और मंदिर की गरिमा के खिलाफ बताया। पुजारियों ने शासन-प्रशासन और मंदिर समिति से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की भी मांग उठी है। पुजारियों का कहना है कि मंदिर जैसे पवित्र स्थल को सोशल मीडिया पर सस्ती लोकप्रियता का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से कहा है कि सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक कार्यों के लिए करें न कि धार्मिक स्थलों, परंपराओं और संतों की छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए।
ये पहली बार नहीं हुआ : बता दें कि महाकालेश्वर मंदिर में ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। इसके पहले भी कई लोग मंदिर परिसर में रील्स बना चुके हैं। इसे लेकर कई बार विवाद हुए हैं। कई बार रील बनाने वाली युवतियां फॉलोअर्स और अपनी रीच बढाने के लिए मंदिर में डांस करती नजर आती हैं तो कभी कोई आयटम करती नजर आती है।
Edited By: Navin Rangiyal